द फॉलोअप डेस्क
राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्या ने राबड़ी आवास को लेकर चल रहे विवाद पर सम्राट को निशाना बनाते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। रोहिणी ने राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की राह पर चल रही है। उन्होंने राबड़ी देवी को आवास से बेदखल करने की कोशिश को तुगलकी फरमान करार दिया।
अगर हिम्मत है तो जबरन बंगला खाली करवाए सरकार ..
— Rohini Acharya (@RohiniAcharya2) May 31, 2026
जनहित के ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए राजनीतिक प्रतिशोध की राह पर है सम्राट चौधरी की सरकार l पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राबड़ी देवी जी को आवास से बेदखल करने का तुगलकी फरमान और आवास पर पुलिस भेजना लोकतंत्र नहीं, सत्ता के… pic.twitter.com/2EtBKOJcng
सरकार पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप
रोहिणी ने आरोप लगाया कि राबड़ी देवी के आवास पर पुलिस भेजना लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। यह सत्ता के अहंकार तथा दबंगई का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने में अधिक सक्रिय दिखाई दे रही है। उनके अनुसार, यह कार्रवाई राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित प्रतीत होती है।

'प्रतिशोध मॉडल' वाला शासन
रोहिणी ने आगे कहा कि बेरोज़गारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और बढ़ते अपराध जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह निष्क्रिय साबित हुई है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर यह शासन का कौन-सा मॉडल है? रोहिणी ने इसे "प्रतिशोध मॉडल" बताया और चुनौती देते हुए कहा कि यदि सरकार में हिम्मत है तो वह जबरन आवास खाली करवाकर दिखाए। जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।