द फॉलोअप डेस्क
बिहार की राजधानी पटना में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, जिले के फतुहा स्थित नदी थाना क्षेत्र के सबलपुर इलाके में रहने वाले दिलीप कुमार सिंह के घर में चोरी की घटना सामने आई है। दिलीप कुमार सिंह एक ट्रांसपोर्टर है, जो कई अन्य व्यवसायों से भी जुड़े हुए हैं। वो वारदात के समय अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए पटना सिटी गए थे। इसी बीच चोरों ने उनके घर को अपना निशाना बनाया। इस दौरान चोरों ने घर की छत से घुसकर अलमारी में रखे डेढ़ किलो सोने के आभूषण, 3 किलो चांदी के गहने, 55 लाख रुपये नकद सहित कुल मिलाकर लगभग 2 करोड़ रुपये की संपत्ति उड़ा ली। घर में कमरे और अलमारी का टूटा था ताला
घटना की जानकारी दिलीप कुमार को उस वक्त हुई, जब उनकी पत्नी रात के समय घर लौटी और देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। इसके साथ ही अलमारियों और कमरों के ताले टूटे हुए थे। ऐसे में हैरान-परेशान पत्नी ने तुरंत दिलीप को सूचित किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की। साथ ही डॉग स्क्वायड की टीम भी घटनास्थल पर भेजी गई। छत से घुसे थे चोर
हालांकि, प्रारंभिक जांच में यह पता चला कि चोर छत के रास्ते घर में घुसे थे। इन्होंने सीढ़ी पर लगे गेट की कुंडी को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। बताया जा रहा है कि चोरी किए गए आभूषण और नकदी में से कुछ पुश्तैनी थे, तो कुछ गिफ्ट में मिले थे। पुलिस ने आशंका जतायी है कि चोरों ने पहले से ही घर की रेकी की थी। फिर योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। साथ ही अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जांच भी तेज कर दी है। घटना के संबंध में फतुहा DSP निखिल कुमार ने बताया कि पुलिस इन चोरों की पहचान करने में जुटी हुई है।