द फॉलोअप डेस्क:
बिहार भाजपा (Bihar BJP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा (Ravindra Kishore Sinha) के निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। शनिवार को पटना स्थित अन्नपूर्णा आवास पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का पहुंचना जारी रहा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी (Vijay Choudhary) ने भी आवास पहुंचकर दिवंगत नेता को नमन किया। मुख्यमंत्री ने आरके सिन्हा के बेटे और भाजपा नेता ऋतुराज सिन्हा से मुलाकात कर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी अन्नपूर्णा आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, मंत्री दिलीप जायसवाल, मिथिलेश तिवारी और सांसद रविशंकर प्रसाद समेत कई नेताओं ने उन्हें याद किया।

दीघा घाट पर होगा अंतिम संस्कार
डॉ. आरके सिन्हा का अंतिम संस्कार शनिवार को पटना के दीघा घाट पर किया जाएगा। इससे पहले उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए अन्नपूर्णा आवास पर नेताओं और समर्थकों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। उनके निधन पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गहरा दुख जताया है। राजनीतिक जगत के लोगों ने उनके सार्वजनिक जीवन और पार्टी के लिए किए गए कार्यों को याद करते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। अंतिम संस्कार में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और समर्थकों के शामिल होने की संभावना है।

राजनीति और कारोबार में बनाई पहचान
डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा ने राजनीति के साथ-साथ कारोबारी जगत में भी अपनी अलग पहचान बनाई थी। SIS ग्रुप के संस्थापक और चेयरमैन के रूप में उन्होंने सुरक्षा सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़े कारोबारी समूह को स्थापित किया। इसके अलावा वे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे और राज्यसभा सांसद के तौर पर भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुके थे। शुक्रवार को नोएडा स्थित अपने आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और कारोबारी जगत से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त किया। उनके जाने को भाजपा और बिहार के सार्वजनिक जीवन के लिए एक बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है।