logo

बिहार में बोले पीएम मोदी- सामाजिक न्याय के नाम पर झूठ बोल रहे राजद-कांग्रेस, इनसे सावधान रहें

VIKRAM.jpg

द फॉलोअप डेस्क
दो दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिक्रमगंज से बिहारवासियों को 48500 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात दी। सीएम नीतीश कुमार ने पीएम को इसके लिए फिर से धन्यवाद दिया। वहीं पीएम मोदी एक बार फिर से कांग्रेस और राजद पर जमकर हमला बोला। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमलोग चार करोड़ नए मकान, तीन करोड़ दीदी को लखपति बनाने के मिशन, मुफ्त इलाज और हर महीने मुफ्त राशन उपलब्ध करवा रहे हैं। हम चाहते हैं कोई भी गरीब परिवार सरकार की योजनाओं से वंचित न रह पाए। मुझे खुशी है कि बिहार सरकार भी लोगों के विकास के लिए कई योजनाएं चला रही है। हमारा लक्ष्य दलित, गरीब, पिछड़े और अति पिछड़ों के घर तक सीधे पहुंचना है। जब सरकार खुद लाभार्थियों तक पहुंचती है तो न कोई भेदभाव होता और न भ्रष्टाचार होता है। और, तभी सच्चा सामाजिक न्याय होता है। हमें बाबा साहेब, कर्पूरी ठाकुर, जगजीवन राम, और जेपी के सपनों का बिहार बनाना है। हमारा लक्ष्य विकसित बिहार और विकसित बिहार है। जब जब बिहार ने प्रगति की है, भारत दुनिया में शिखर पर पहुंचा है। मुझे विश्वास है कि हमसब मिलकर विकास की रफ्तार को और आगे बढ़ाएंगे। मैं इन विकास कार्यों के लिए आप सबको बधाई देता हूं। भारत माता के जयकारे लगवा कर पीएम मोदी ने अपना संबोधन समाप्त किया।

 
राजद और कांग्रेस वाले सामाजिक न्याय के नाम पर झूठ बोल रहे
पीएम नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि जिन लोगों ने बिहार को सबसे ज्यादा ठगा। जिन लोगों के अत्याचार के कारण बिहार के गरीबों को पलायन करना पड़ा। आज वही लोग सामाजिक न्याय के नाम पर सत्ता पाने के लिए झूठ बोल रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि जंगलराज फैलाने वालों से सावधान रहने की जरूरत है। दशकों तक गरीब, दलित, पिछड़े और आदिवासियों के पास शौचालय, पक्का घर तक नहीं था। बैंक खाते नहीं थे। उन्हें बैंकों के दरवाजे पर भी घुसने नहीं दिया जाता था। दलित और गरीब बेघर थे। पीएम ने पूछा कि बिहार के लोगों की यह दुर्दशा, तकलीफ क्या यही कांग्रेस और राजद का सामाजिक न्याय था? इससे ज्यादा अन्याय कुछ नहीं हो सकता है। कांग्रेस और राजद वालों ने गरीब, पिछड़े और दलितों की तकलीफों की चिंता तक नहीं की। यह लोग विदेशियों को बिहार की गरीबी दिखाने के लिए घुमाने लाते थे। आज जब गरीब, दलितों और पिछड़ा समाज ने कांग्रेस को छोड़ दिया है ताे इन्हें अपना अस्तित्व बचाने के लिए सामाजिक न्याय की याद आ रही है। देश में सामाजिक न्याय का नया सवेरा एनडीए के दौर में दिखा है। हमलोग गरीब, दलित, पिछड़ों के विकास के लिए कई योजनाएं चला रहे हैं। 


लालू परिवार पर बोला हमला
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार में हर तरफ फोर लेन और सिक्स लेन सड़कों का जाल बिछ रहा है। हर तरफ तेजी से काम हो रहा है। गंगा, सोन, गंडक, कोसी समेत सभी प्रमुख नदियों पर नए पुल बन रहे हैं। हजारों करोड़ की ऐसी परियोजनाएं बिहार में नए अवसर प्रदान कर रही है। इन प्रोजक्ट से रोजगार बढ़ेंगे। बिहार में रेलवे की हालत भी तेजी से बदल रही है। आज बिहार में वर्ल्ड क्लास वंदे भारत बन रही है। रेलवे लाइन को डबल और ट्रिपल किया जा रहा है। कई जगह मल्टी ट्रैकिंग का काम चल रहा है। सासाराम में भी अब सौ से ज्यादा ट्रेनें रुकती है। यानी हम पुरानी समस्याओं को भी दूर कर रहे हैं और रेलवे का आधुनिकीकरण भी कर रहे हैं। पीएम ने लालू परिवार पर हमला बोलते हुए कहा कि यह काम पहले भी हो सकते थे लेकिन जिन्हें आपने विकास की जिम्मेदारी दी, उन्होंने आपसे जमीन लेकर नौकरी देने का काम किया। उन्होंने रेलवे में भर्ती के नाम पर आपकी जमीन लूटने का काम किया। गरीबों की जमीनें लिखवा ली। सामाजिक न्याय का उनका यही तरीका था। गरीबों को लूटकर राजशाही का मौज करना ही उनका तरीका था।