Bankipur by Re-Election:
बांकीपुर विधानसभा उपचानाव के लिए बीजेपी के बाद अब राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता ने भी गुरुवार को पर्चा भर दिया है। इस दौरान मौके पर पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। हालांकि, नामांकन के मौके पर पार्टी सुप्रीमो लालू यादव फैमिली से परिवार का कोई भी सदस्य नजर नहीं आए। नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान रेखा गुप्ता ने अपनी जीत का दावा किया। 40 साल का रिकॉर्ड टूटने की भी बात कही।

जीत का किया दावा
नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से बातचीत में रेखा गुप्ता ने अपनी जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि पिछला चुनाव महागठबंधन ने पूरी मजबूती के साथ लड़ा था। इस बार भी गठबंधन अपनी पूरी ताकत से मैदान में उतरा है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि इस बार जनता के समर्थन से महागठबंधन की जीत जरुर होगी।
लालू परिवार का आशीर्वाद मिलने का दावा
नामांकन के बाद मीडिया द्वारा जब लालू परिवार की गैरमौजूदगी पर सवाल पूछे गए तो इस पर उन्होंने जवाब में कहा कि उन्हें पूरे लालू परिवार का आशीर्वाद प्राप्त है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के सभी दल उनके साथ खड़े हैं। कांग्रेस सहित सभी सहयोगी दलों का उन्हें पूरा समर्थन मिल रहा है। सूत्रों के मुताबिक, रेखा गुप्ता नामांकन दाखिल करने के लिए डीएम कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार की बजाय पिछले गेट से अंदर पहुंचीं। इसके बाद उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

इस बार टूटेगा 40 साल का रिकॉर्ड
नामांकन से पहले रेखा गुप्ता ने दावा किया कि इस बार बांकीपुर में 40 साल पुराना रिकॉर्ड टूटेगा। उन्होंने कहा, "कई बार राजद को हराने की कोशिश की गई, लेकिन अब समय बदल चुका है। इस बार हम बांकीपुर में नया इतिहास रचेंगे।"
साथ ही उन्होंने मतदाताओं से समर्थन की अपील करते हुए कहा, "मुझे एक मौका दीजिए, मैं आपकी उम्मीदों पर पूरी तरह खरी उतरने की कोशिश करूंगी।" चुनावी चुनौती के सवाल पर उन्होंने कहा कि जनता ही सबसे बड़ी ताकत और सबसे बड़ी चुनौती है। इसलिए उनका पूरा ध्यान लोगों का विश्वास जीतने पर है।