द फॉलोअप डेस्क
रांची के RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने की कोशिश के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पटना के चित्रगुप्त नगर स्थित दो फ्लैटों की तलाशी ली। जानकारी के अनुसार, दोनों फ्लैट दिल्ली से गिरफ्तार किए गए संदीप के हैं। तलाशी के दौरान दोनों फ्लैटों से करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य के जेवर और 20 लाख रुपये नकद मिलने की जानकारी सामने आई है। NIA की टीम ने मामले से जुड़े साक्ष्यों को लेकर दोनों फ्लैटों में तलाशी अभियान चलाया। मामले में जांच एजेंसी आगे की कार्रवाई और बरामदगी से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं
जांच के क्रम में एजेंसी ने पटना के कंकड़बाग स्थित साईं कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट में संदीप गुप्ता के दोनों फ्लैटों की तलाशी ली। सूत्रों के अनुसार, तलाशी के दौरान करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के गहने और लगभग 20 लाख रुपये नकद मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, एनआइए की ओर से बरामदगी या जब्ती को लेकर आधिकारिक रूप से कोई जानकारी साझा नहीं की गई है। एनआइए की टीम ने संदीप गुप्ता के कमरे की भी तलाशी ली। इस दौरान मोबाइल फोन और कई डिजिटल रिकार्ड के अलावा बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज भी जांच के दायरे में लिए गए।
