बिहार
बिहार में बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। इसी बीच 17 अप्रैल को राज्य के कुछ जिलों में अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 18 अप्रैल से और ज्यादा गर्मी बढ़ेगी। मौसम विभाग की माने तो इस दौरान दक्षिण और मध्य बिहार के बक्सर, कैमूर, रोहतास, भोजपुर, औरंगाबाद, गया और पटना जैसे जिलों में लू का गंभीर असर देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञान के अनुसार अगले 24 घंटों में बिहार का मौसम गर्म और शुष्क बना रहेगा। आने वाले तीन से चार दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

बढ़ेगा तापमान
इस दौरान इन जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कैमूर में 39.9 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सीवान के जीरादेई में 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान वाल्मीकिनगर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, सुपौल, मधेपुरा, फारबिसगंज, पूर्णिया, कटिहार और भागलपुर को छोड़कर पटना समेत अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।