पटना
बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के 11 जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को वज्रपात से सतर्क रहने की सलाह दी है।
इन 11 जिलों में जारी हुआ अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, औरंगाबाद, पश्चिमी चंपारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास और पटना में मौसम खराब होने की संभावना है। इन जिलों में कहीं-कहीं बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, राज्य के अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है। हालांकि, कई इलाकों में दिनभर आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। 
अगले कई दिनों तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। कई इलाकों में बादल छाए रहने के साथ रुक-रुककर बारिश हो सकती है। हालांकि, बारिश के बावजूद लोगों को उमस भरी गर्मी से पूरी तरह राहत मिलने की संभावना कम है। 30 अगस्त को उत्तर बिहार के अलावा दक्षिण-पूर्वी और दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 31 अगस्त को पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और उत्तर-पश्चिम बिहार के कुछ जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है। 1 और 2 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में बिहार में बारिश का दौर रुक-रुककर जारी रहने की संभावना है। बारिश के बीच उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
पटना में भी बदल सकता है मौसम
राजधानी पटना में भी शनिवार को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। हालांकि, इससे तापमान में बड़ी गिरावट होने और उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। शुक्रवार को भी पटना जिले के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रही, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा।
सामान्य से 42 फीसदी कम हुई बारिश
बिहार में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से काफी कम बारिश हुई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में अब तक सामान्य तौर पर 756.5 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन इसके मुकाबले सिर्फ 438.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इस तरह राज्य में अब तक सामान्य से करीब 42 फीसदी कम बारिश हुई है। कई जिलों में अभी भी किसान और आम लोग अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। आने वाले दिनों में होने वाली बारिश से बारिश की कमी कुछ हद तक पूरी होने की उम्मीद है।