पटना
प्रशांत किशोर ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर फिर से हमला किया है। प्रशांत ने कहा है, जो आदमी बिहार के चार जिलों के नाम भी न बता पाये, उससे क्या सवाल पूछा जाये। यह अपने समय की बर्बादी होगी। प्रशांत ने जनता से सीधा प्रश्न किया कि उन्होंने राहुल गांधी को अंतिम बार बिहर में कब देखा है। सीतामढ़ी में उन्होंने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के मुद्दे पर राहुल शायद ही कभी बोलते हैं। यही कारण है कि बिहार की जनता ने कांग्रेस को बिहार से पूरी तरह से काटकर फेंक दिया। आज कांग्रेस का बिहार में कोई नाम लेने वाला नहीं है। कई बार लोग मुझसे कहते हैं कि आप कांग्रेस की शिकायत नहीं करते हैं। कांग्रेस ने जो बिहार में गलती की उसका नुकसान उसे हो रहा है।

बिहार में कांग्रेस 1990 तक रूलिंग पार्टी हुआ करती थी
बिहार में कांग्रेस 1990 तक रूलिंग पार्टी हुआ करती थी। आज कांग्रेस का 5 प्रतिशत वोट बिहार में नहीं है। बिहार में 1990 के बाद से जो 3 दल हैं, वो ही 32 सालों से बिहार को चला रहे हैं। ये दल हैं राजद, जदयू और बीजेपी। प्रशांत किशोर ने कहा कि गरीब की बात करने वाले बोल रहे हैं कि कर्नाटक में महिलाओं को 3 हजार रुपये देंगे। कर्नाटक की महिला ज्यादा गरीब है या बिहार की। अगर कर्नाटक की महिला को 3 हजार रुपये मिलना चाहिए तो कांग्रेस, जो बिहार में सरकार में शामिल हैं, उसे यह योजना बिहार में भी लागू करनी चाहिये। इसी से पता चलता है कि कांग्रेस बिहार में कहां खड़ी है।

सवाल सभी से नहीं पूछे जाते
प्रशांत ने कहा, आप कहेंगे कि हम कांग्रेस पर टिप्पणी क्यों नहीं कर रहे हैं? शिवसेना पर टिप्पणी नहीं कर रहे हैं, JMM पर टिप्पणी नहीं कर रहे हैं। ये पार्टियां भी तो बिहार में चुनाव लड़ती हैं। तो मेरा कहना है बिहार को चला कौन रहा है तीन दशक से। सवाल उन्हीं से किया जाना चाहिये। यानी राजद, जदयू और बीजेपी। सवाल तो इन्हीं से किया जाना चाहिये।
