logo

राबड़ी देवी ने खाली किया आवास, पति लालू यादव के साथ बेटे तेजस्वी के घर शिफ्ट हुईं

rabdi_awas.jpg

पटना/बिहार
बिहार की राजनीति का चर्चित 10 सर्कुलर रोड बंगला आखिरकार खाली होना शुरू हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास से सामान हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। लालू प्रसाद यादव के परिवार का सामान अब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सरकारी आवास 1 पोलो रोड में शिफ्ट किया जा रहा है। पिछले कई दिनों से इस बंगले को लेकर सियासी विवाद जारी था, जो अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है।

 

राजद का पावर सेंटर माना जाता रहा है
दरअसल, पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड का सरकारी आवास पिछले 21 वर्षों से पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के पास था। बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने यह बंगला राज्य सरकार के मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित कर दिया है। वहीं, राबड़ी देवी को बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते 39 हार्डिंग रोड स्थित दूसरा सरकारी आवास आवंटित किया गया था, लेकिन उन्होंने लंबे समय तक 10 सर्कुलर रोड खाली नहीं किया। बिहार की राजनीति में यह बंगला लंबे समय से राजद का पावर सेंटर माना जाता रहा है।

15 दिनों का समय दिया गया था
सरकार की ओर से बंगला खाली करने के लिए राबड़ी देवी को 15 दिनों का समय दिया गया था, जिसकी समय-सीमा 15 जून को समाप्त हो गई। इसके बाद 16 जून को उन्होंने लालू प्रसाद यादव के स्वास्थ्य का हवाला देते हुए सरकार को समय बढ़ाने के लिए पत्र लिखा था। हालांकि अब 18 जून से बंगले से सामान हटाने का काम शुरू हो गया है और ट्रकों व अन्य वाहनों के जरिए सामान 1 पोलो रोड स्थित तेजस्वी यादव के सरकारी आवास में पहुंचाया जा रहा है।

Tags - Rabri Devi bungalow vacated 10 Circular Road bungalow Lalu Yadav family shift