logo

करीब 20 साल बाद राबड़ी देवी ने खाली किया 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास

RABDI2.jpg

पटना, बिहार: 
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास पूरी तरह खाली कर दिया है। करीब दो दशकों के बाद राबड़ी देवी ने यह बंगला खाली किया। यह बंगला राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार का आधिकारिक निवास होने के साथ-साथ पार्टी के कैंप कार्यालय के रूप में भी इस्तेमाल होता रहा। अब यह सरकारी आवास पूरी तरह खाली हो गया है।

आवास खाली करने से पहले राबड़ी देवी ने मांगी थी विभाग से जानकारी
10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने से पहले राबड़ी देवी ने भवन विभाग से सरकार द्वारा दी गई सुविधाओं की लिस्ट मांगी थी, ताकि आवास को खाली करते समय किसी तरह के विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। उधर, विभाग ने जवाब में स्पष्ट किया कि पिछले पांच वर्षों के दौरान आवास में विभाग की ओर से कोई सामान उपलब्ध नहीं कराया गया। साथ ही यह भी कहा गया कि विभागीय खर्च से किसी प्रकार का निर्माण या मरम्मत कार्य कराया गया। विभाग ने यह भी बताया कि जब तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री थे, तब भी इस सरकारी आवास में सरकारी खर्च से कोई अतिरिक्त कार्य नहीं कराया गया। लालू प्रसाद यादव की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को देखते हुए आवास में किए गए सभी बदलाव और अतिरिक्त सुविधाओं का खर्च निजी स्तर पर वहन किया गया था।

सरकारी सामान को लेकर नहीं होगी कोई देनदारी
भवन निर्माण विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि पूर्व में कभी विभाग की ओर से कोई सामान उपलब्ध कराया गया था, तो उसकी उपयोगिता अवधि अब समाप्त हो चुकी है। ऐसे में आवास खाली करते समय किसी सरकारी सामग्री की वापसी या उससे जुड़ी कोई देनदारी नहीं बनती। गौरतलब है कि बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद सरकारी आवास खाली करने को लेकर पहले भी फर्नीचर, उपकरण और सरकारी संपत्ति को लेकर कई विवाद सामने आते रहे हैं। ऐसे में राबड़ी देवी ने पहले ही विभाग से आधिकारिक जानकारी लेकर संभावित विवाद की आशंका को समाप्त करने की कोशिश की।

Tags - Rabri Devi Rabri Devi House 10 Circular Road Patna