logo

बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे प्रशांत किशोर, पार्टी की कोर कमेटी ने किया ऐलान

जनसुराज1.jpg

बांकीपुर,बिहार
भाजपा के गढ़ बांकीपुर से चुनावी मैदान में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर उतरेंगे। पार्टी की कोर कमेटी ने रविवार को उन्हें बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया है। यह उनके राजनीतिक जीवन का पहला विधानसभा चुनाव होगा। 30 जुलाई को मतदान होगा और 3 अगस्त को मतगणना होगी। यह सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद से खाली है।

1995 से लगातार भाजपा का इस सीट पर कब्जा
पार्टी सुप्रीमो प्रशांत किशोर पहले ही कह चुके हैं कि यह उपचुनाव सिर्फ एक सीट का नहीं, बल्कि बिहार सरकार के कामकाज पर जनता की राय का चुनाव है। जन सुराज इसे अपनी राजनीतिक ताकत साबित करने का बड़ा अवसर मान रही है। हालांकि, बांकीपुर भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है। 1995 से लगातार भाजपा का इस सीट पर कब्जा है। पहले नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा फिर उनके बाद नितिन नबीन ने इस सीट पर पार्टी का दबदबा बनाए रखा।

राजनीतिक क्षमता की पहली बड़ी परीक्षा
राजनीतिक जानकारों की माने तो यह उपचुनाव बिहार की राजनीति के लिए अहम माना जा रहा है। अब भाजपा के सामने सीट बचाने की चुनौती होगी। वहीं जन सुराज के लिए यह संगठन की और प्रशांत किशोर की राजनीतिक क्षमता की पहली बड़ी परीक्षा होगी। चर्चा है कि राजद और कांग्रेस भी अपना-अपना उम्मीदवार उतारकर मुकाबले को त्रिकोणीय बना सकते हैं।

Tags - Prashant Kishor Jan Suraaj Bankipur bypoll Bankipur Assembly