द फॉलोअप डेस्क
बिहार के भागलपुर जिला स्थित नवगछिया में शुक्रवार की सुबह जानवी चौक स्थित मंडल लाइन होटल के पास एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में 18 साल का एक युवक करण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, करण ऑटो से जीरो माइल जा रहा था। इसी बीच उसका मोबाइल हाथ से छुटकर नीचे गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही करण अपना फोन उठाने ऑटो से नीचे उतरा, एक तेज रफ्तार से आ रही ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। जिसस उसकी मौके पर मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर तक यातायात बाधित रहा।

मिली जानकारी के अनुसार, शाहकुंड निवासी करण कुमार अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से नवगछिया के जीरो माइल की ओर जा रहा था। जानवी चौक के पास उसने बाइक अपने तीसरे दोस्त को सौंप दी और खुद ऑटो से जाने का निर्णय लिया। इसी दौरान उसका मोबाइल फोन सड़क पर गिर गया और घटना हुई। वहीं, हादसे के बाद चालक एवं खलासी वाहन छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही यातायात थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

मृतक के पिता हलवाई का काम करते हैं। पिता ने बताया कि करण 3 भाइयों में दूसरे नंबर था। उसका बड़ा भाई गुंगा है और छोटा भाई स्कूल में पढ़ाई करता है। परिवार का कहना है कि करण पढ़ाई के साथ-साथ घर में आर्थिक स्थिति संभालने में भी मदद करता था। मां रो-रोकर बेसुध हो गई और बिलखते हुए कह रही थी, “अच्छा लड़का कमाने वाला था, वही भगवान ने छीन लिया।” घर में चीख-पुकार और मातम का माहौल है। पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।