द फॉलोअप डेस्क:
भोजपुरी (Bhojpuri) पावर स्टार पवन सिंह (Power Star Pawan Singh) इन दिनों अपनी निजी जिंदगी और पत्नी ज्योति सिंह (Jyoti Singh) से तलाक के मामले को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बीच पटना (Patna) में आयोजित एक भोजपुरी अवॉर्ड शो (Award Show) के दौरान उन्होंने एक रियलिटी शो (Reality Show) से जुड़ा दिलचस्प किस्सा सुनाया। भाजपा सांसद और भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी के साथ बातचीत में पवन सिंह ने बताया कि उन्हें पति-पत्नी पर आधारित शो ‘पति पत्नी और पंगा’ में शामिल होने के लिए फोन आया था। इस पर उन्होंने सवाल किया, ‘मैं किसके साथ जाऊंगा?’ पवन सिंह का यह जवाब सुनकर वहां मौजूद लोग हंस पड़े। दरअसल, मनोज तिवारी ने भी पवन सिंह से शो को लेकर समर्थन मांगा था, लेकिन बातचीत के दौरान दोनों के बीच जमकर हंसी-मजाक हुआ।

मनोज तिवारी को बताया अपना गुरु, छुए पैर
कार्यक्रम के दौरान मनोज तिवारी ने बताया कि वह अपनी पत्नी सुरभि के साथ ‘पति पत्नी और पंगा’ शो में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने पवन सिंह से शिकायत भी की कि वह उनका फोन नहीं उठाते हैं। इस पर पवन सिंह ने माफी मांगते हुए शो में आने के लिए मिले फोन का किस्सा सुनाया। बातचीत के बीच उन्होंने मनोज तिवारी के प्रति अपना सम्मान भी जाहिर किया। पवन सिंह ने कहा कि मनोज तिवारी जैसे वरिष्ठ कलाकारों की वजह से आज भोजपुरी इंडस्ट्री के कलाकारों को पहचान और सम्मान मिल रहा है। मंच पर बिना चप्पल पहुंचे पवन सिंह ने मनोज तिवारी के पैर छुए और कहा कि यह उनका ही योगदान है, वरना आज वे खेती कर रहे होते या 1500-2000 रुपये की नौकरी कर रहे होते। दोनों कलाकारों के बीच ब्लैक कलर को लेकर भी मजाकिया बातचीत हुई।

अक्षरा सिंह से माफी और ज्योति सिंह की पोस्ट भी चर्चा में
पवन सिंह की निजी जिंदगी भी इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है। हाल ही में उन्होंने अभिनेत्री अक्षरा सिंह से माफी मांगी थी, जिसके बाद उनकी पत्नी ज्योति सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट ने लोगों का ध्यान खींचा। ज्योति सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा था, ‘वाह रे राजपूताना स्वाभिमान।’ पवन सिंह और ज्योति सिंह के तलाक का मामला भी चर्चा में है। ऐसे में ‘पति पत्नी और पंगा’ शो में शामिल होने के लिए आए फोन पर पवन सिंह का सवाल लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, अवॉर्ड शो के मंच पर उन्होंने यह किस्सा मनोज तिवारी के साथ हंसी-मजाक के दौरान साझा किया था।