logo

बेड पर खून से लथपथ लाश, टेबल पर चाय की 2 प्याली और आधा बचा पनीर; पटना में शिक्षिका का कत्ल

PATNA_IMAGE2.jpg

पटना: 
पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के कैलू बीघा में बुधवार को 45 वर्षीय शिक्षिका लक्ष्मी देवी का शव उनके बेडरूम में खून से लथपथ मिला। लक्ष्मी देवी पोठही मध्य विद्यालय में शिक्षिका थीं और वर्ष 2005 में प्रखंड शिक्षामित्र के पद से शिक्षिका बनी थीं। वह कैलू बीघा स्थित अपने घर में अकेली रहती थीं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने SIT का गठन किया है।

पति ने सुबह फोन किया, लेकिन नहीं मिला जवाब
लक्ष्मी देवी के पति ज्ञानचंद चौधरी गया के टेकारी में ग्रामीण कार्य विभाग में सहायक अभियंता हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात करीब 9:45 बजे पत्नी से फोन पर बातचीत हुई थी। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे उन्होंने दोबारा फोन किया, लेकिन कई बार कॉल करने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने स्कूल के शिक्षक बृजेश कुमार से संपर्क किया। शिक्षक ने बताया कि लक्ष्मी बुधवार को विद्यालय नहीं पहुंची थीं।

बेटे ने खिड़की तोड़कर देखा तो बेड पर पड़ा था शव
फोन नहीं उठने पर ज्ञानचंद चौधरी ने अपने बेटे गौरव कुमार को घर जाकर मां का हाल जानने के लिए कहा। गौरव उस समय मसौढ़ी के प्रेम रोड स्थित अपने ननिहाल में था। घर पहुंचने के बाद उसने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उसने बरामदे की ओर से खिड़की तोड़ी और अंदर देखा तो उसकी मां बेड पर खून से लथपथ पड़ी थीं।

घर में मिले दो चाय के कप और दो चम्मच
पुलिस को घटनास्थल से कुछ ऐसे सुराग मिले हैं, जिनसे हत्या से पहले किसी दूसरे व्यक्ति के महिला के साथ होने की आशंका बढ़ गई है। घर की रसोई में चाय के दो कप रखे मिले, जबकि डायनिंग टेबल पर एक जूठी प्लेट में दो चम्मच मिले। कड़ाही में पनीर की सब्जी के दो टुकड़े भी बचे हुए थे। पुलिस इन सामानों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या से पहले लक्ष्मी देवी के घर कौन आया था।

पानी की बोतलों से भी मिले अहम सुराग
जांच के दौरान पुलिस को टेबल पर तीन पानी की बोतलें भी मिलीं, जिनमें से दो खाली और एक भरी हुई थी। पुलिस को शक है कि लक्ष्मी देवी ने हत्या से पहले किसी परिचित के साथ चाय या खाना खाया था। हालांकि, इन सामानों से अभी यह साबित नहीं हुआ है कि घर में कौन मौजूद था। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ अन्य साक्ष्यों को भी जुटा रही है। मसौढ़ी SDPO राघव दयाल के अनुसार, लक्ष्मी देवी के घर में आने-जाने के लिए कुल चार दरवाजे हैं। इनमें मुख्य गेट के अलावा गली और गैराज की ओर खुलने वाले दरवाजे शामिल हैं। जांच के दौरान तीन दरवाजे अंदर से लॉक मिले, जबकि एक दरवाजा अंदर से बंद नहीं था। पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद आरोपी इसी रास्ते से घर से बाहर निकला होगा।

बेटी ने भी मंगलवार शाम मां से की थी बात
SDPO के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 5 बजे लक्ष्मी देवी की बेटी ने अपनी मां को फोन किया था। बेटी उस समय पिपरा स्थित नानी के घर पर थी और मां के पास आने की बात कर रही थी। बातचीत के दौरान लक्ष्मी देवी ने उसे घर आने से मना कर दिया था। इसके बाद रात करीब 9:45 बजे उन्होंने अपने पति से फोन पर बात की थी। बुधवार सुबह से उनका मोबाइल फोन नहीं उठ रहा था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में लक्ष्मी देवी की हत्या धारदार हथियार से किए जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और शरीर पर लगी चोटों की प्रकृति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जुटाकर हत्या की पूरी कड़ी जोड़ने में लगी है।

अलमारी से सोने के जेवर गायब होने का दावा
मृतका के पति ज्ञानचंद चौधरी ने पुलिस को बताया कि घर में रखी गोदरेज अलमारी चाबी से खोली गई थी। उन्होंने दावा किया कि अलमारी में रखे सोने के कुछ जेवर गायब हैं। हालांकि, उन्होंने इस घटना को लूट के दौरान हुई हत्या मानने से इनकार किया है। उनका शक किसी जान-पहचान वाले व्यक्ति पर है। पुलिस अब जेवर गायब होने के दावे की भी जांच कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने SIT गठित कर दी है। टीम तकनीकी साक्ष्यों, CCTV फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और स्थानीय लोगों से पूछताछ के जरिए आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या से पहले लक्ष्मी देवी के घर आखिरी बार कौन आया था। फिलहाल हत्या का कारण और आरोपी की पहचान स्पष्ट नहीं हुई है।

Tags - Patna Crime Teacher Murder Case Masaurhi News Bihar Police SIT Investigation