द फॉलोअप डेस्क:
SIR Protest Bihar: बिहार (Bihar) की राजधानी पटना (Patna) में मंगलवार को SIR और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। वामपंथी छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) और रिवोल्यूशनरी यूथ एसोसिएशन (RYA) के कार्यकर्ताओं ने गांधी मैदान (Gandhi Maidan) से प्रदर्शन करते हुए लोकभवन (राज्यपाल भवन) की ओर मार्च करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच जेपी गोलंबर(JP Golambar) के पास तनाव की स्थिति बन गई। कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया।

गांधी मैदान से शुरू हुआ प्रदर्शन
पटना में प्रदर्शन को लेकर गृह विभाग की ओर से पहले ही निर्देश जारी किए गए थे। इसके तहत गर्दनीबाग के निर्धारित धरना स्थल के अलावा अन्य जगहों पर प्रदर्शन करने पर रोक की बात कही गई थी। इसके बावजूद AISA और RYA के कार्यकर्ता मंगलवार को गांधी मैदान पहुंचे और SIR तथा CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मार्च निकालने लगे। प्रदर्शनकारियों का लक्ष्य लोकभवन तक पहुंचना था, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए पहले ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी थी। प्रदर्शनकारियों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया। जेपी गोलंबर से लेकर गांधी मैदान तक सुरक्षा बढ़ा दी गई और इलाके को पुलिस ने अपने घेरे में ले लिया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए छह वज्रवाहनों और वाटर कैनन की भी तैनाती की गई। पुलिस का पूरा ध्यान प्रदर्शनकारियों को गांधी मैदान से बाहर निकलकर लोकभवन की ओर बढ़ने से रोकने पर था।

बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश, कई प्रदर्शनकारी हिरासत में
इस बीच AISA और RYA के कार्यकर्ताओं का जत्था गांधी मैदान से निकलकर जेपी गोलंबर तक पहुंच गया। यहां प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारी पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे। कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग के पास पहुंच गए और उसे पार करने का प्रयास किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। पटना में हुए इस प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लोकभवन की ओर जाने वाले मार्च को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सख्त रखी। प्रदर्शनकारियों की मांगों और आगे की कार्रवाई को लेकर अब स्थिति पर नजर बनी हुई है।