द फॉलोअप डेस्क
पटना में एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के सरकारी आवास पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब उनकी पत्नी ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या का प्रयास किया। घटना एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित आवास की है। घटना के समय आईपीएस अधिकारी घर पर मौजूद नहीं थे। तबीयत बिगड़ने पर आवास में तैनात पुलिस वाहन के चालक ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) की इमरजेंसी में पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, महिला को गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे अचेत अवस्था में अस्पताल लाया गया था।

फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही
IGIMS में डॉक्टरों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया और करीब दो घंटे तक इलाज के बाद उनकी स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद परिजन उन्हें दानापुर-सगुना मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज जारी है और फिलहाल हालत स्थिर बताई जा रही है। हालांकि, अस्पताल प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। मामला हाई-प्रोफाइल होने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इस संबंध में कैमरे पर बयान देने से बच रहे हैं।

पूर्व पटना सिटी एसपी रह चुके हैं अधिकारी
शुरुआती जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ वर्षों से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद से परेशान होकर महिला द्वारा यह कदम उठाए जाने की बात सामने आई है। महिला के पूर्व में भी ऐसा कदम उठाने की जानकारी सामने आई है। उनके पति पूर्व में पटना सिटी एसपी के पद पर तैनात रह चुके हैं और वर्तमान में बिहार के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों में शामिल हैं। पुलिस पूरे मामले की परिस्थितियों और पारिवारिक विवाद से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।