logo

स्कूटी चलाना नहीं आता तो तबादला होगा, पटना में SP की महिला सिपाहियों को अल्टीमेटम

स्कूटी चलाना नहीं आता तो तबादला होगा, पटना में SP की महिला सिपाहियों को अल्टीमेटम

द फॉलोअप डेस्क:

पटना में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए शुरू की गई ‘पुलिस दीदी’ व्यवस्था के सामने अब एक बड़ी चुनौती सामने आई है। महिला पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में जाकर महिलाओं और बच्चियों की समस्याओं की जानकारी लेने, जागरूकता अभियान चलाने और जरूरत पड़ने पर पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के लिए स्कूटी दी गई है, लेकिन करीब 50% महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी चलाने में परेशानी हो रही है। इनमें करीब 10% ऐसी महिला पुलिसकर्मी हैं, जिन्हें दोपहिया वाहन चलाना आता ही नहीं है और उनके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं है। सिटी एसपी मध्य ममता कल्याणी ने कहा है कि जिन महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी चलाना नहीं आता, उनका ग्रामीण क्षेत्रों में तबादला किया जाएगा। विभाग की कोशिश है कि उनकी जगह ऐसी महिला पुलिसकर्मियों को ‘पुलिस दीदी’ की जिम्मेदारी दी जाए, जो दोपहिया वाहन चलाने में सक्षम हों और क्षेत्र में जाकर प्रभावी तरीके से काम कर सकें।

महिला पॉलिकेकर्मी के पास स्कूटी और ड्राइविंग लाइसेन्स दोनों नहीं है 

पटना जिले के 36 थानों को कुल 360 स्कूटी उपलब्ध कराई गई हैं, यानी हर थाने को 10 स्कूटी दी गई हैं। इन स्कूटियों के जरिए महिला पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में जाकर निरीक्षण करने और महिलाओं व छात्राओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी लेने की जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि, कुछ महिला पुलिसकर्मियों ने बताया कि उन्हें अभी स्कूटी चलाना ठीक से नहीं आता और वे ड्राइविंग सीखने के बाद स्कूटी से क्षेत्र में निरीक्षण करेंगी। वहीं करीब 10% महिला पुलिसकर्मियों के पास दोपहिया वाहन चलाने का अनुभव और ड्राइविंग लाइसेंस दोनों नहीं हैं, जिससे थानों में उपलब्ध कराई गई स्कूटियों का अपेक्षित तरीके से इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है। सिटी एसपी मध्य ने यह भी बताया कि कुछ थानों में महिला पुलिसकर्मियों की कमी की जानकारी मिली है। इसके लिए पुलिस लाइंस से अतिरिक्त महिला पुलिस बल उपलब्ध कराने की बात कही गई है, ताकि जरूरत के अनुसार थानों में पर्याप्त महिला पुलिसकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

महिला पुलिसकर्मियों को मौके से सेल्फी कर भेजनी होगी 

महिला सुरक्षा के लिए शुरू की गई इस व्यवस्था के बावजूद अब तक किसी महिला कॉलेज के गेट पर पुलिस दीदी की मौजूदगी नहीं दिखी है। सचिवालय थाने में भी स्कूटी खड़ी होने की जानकारी सामने आई है, जिससे इनके वास्तविक फील्ड इस्तेमाल को लेकर सवाल उठ रहे हैं। विभाग ने व्यवस्था की निगरानी के लिए ये भी तय किया है कि क्षेत्र में निरीक्षण करने वाली महिला पुलिसकर्मियों को मौके से सेल्फी लेकर विभाग को उपलब्ध करानी होगी, ताकि ये सुनिश्चित किया जा सके कि स्कूटी का इस्तेमाल वास्तव में क्षेत्र भ्रमण और पुलिसिंग के लिए हो रहा है। वहीं पटना में स्कूटी थानों तक पहुंचा दी गई हैं, लेकिन वैशाली, भागलपुर समेत कई अन्य जिलों में स्कूटी अभी पुलिस लाइन में ही खड़ी होने की बात सामने आई है। वहां अभी थानों के स्तर पर इनका वितरण नहीं किया गया है। बता दें कि 26 अगस्त को महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी और बाइक उपलब्ध कराई गई थीं।

Tags - Patna Police Police Didi Patna Women Police Women Safety in Patna Women Police Scooty