पटना/बिहार
पटना में शनिवार देर शाम एक ट्रैक्टर चालक को गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने चचेरे भाइयों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक, मृतक बबन राय को फोन कर घर से बुलाया गया उसके बाद सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के पास से मोबाइल और कैश भी गायब होने की सूचना है। साल 2021 से पारिवारिक विवाद चल रहा था। घटना जिले के शाहपुर थाना
क्षेत्र स्थित सिकंदरपुर की है।

किसी का फोन आया था, थोड़ी देर बाद गोली मारने की खबर
जानकारी के अनुसार, शाम को बबन राय के मोबाइल पर किसी का फोन आया था। इसके बाद वह पैदल घर से निकला। कुछ ही देर बाद परिजनों को सूचना मिली कि उसे सिर में गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन बेतहाशा दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे तो वहां बबन को गंभीर रूप से घायल पाया। आनन-फानन में अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के भाई ने बताया कि चचेरे भाइयों से था विवाद
परिजनों का कहना है कि घटना को अंजाम देने के बाद बबन का मोबाइल फोन और उसके पास मौजूद नकदी गायब थी। मृतक के भाई पप्पू राय ने बताया कि वर्ष 2021 से परिवार में चचेरे भाइयों के साथ विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते बबन की योजनाबद्ध तरीके से हत्या की गई। बबन अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया शुरू की। शाहपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। उन्होंने परिजनों को भरोशा दिलाया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।