logo

200 करोड़ रूपये से बदलेगी पटना की सूरत, होंगे कई विकास कार्य

 200 करोड़ रूपये से बदलेगी पटना की सूरत, होंगे कई विकास कार्य

द फॉलोअप डेस्क:

पटना (Patna) में शहरी विकास को गति देने के लिए नगर निगम ने 200 करोड़ रुपये का म्युनिसिपल बांड (Municipal Bond) जारी किया है। इसके साथ ही पटना नगर निगम (Patna Municipal Corporation) ऐसा करने वाला बिहार का पहला नगर निकाय बन गया है। बांड जारी करने से पहले निगम को 'एए' रेटिंग भी मिल चुकी थी। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSI) की ओर से आयोजित बांड लिस्टिंग कार्यक्रम में महापौर सीता साहू, नगर आयुक्त यशपाल मीणा समेत निगम के अन्य अधिकारी ऑनलाइन शामिल हुए। इस बांड से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल राजधानी में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास परियोजनाओं पर किया जाएगा।

15 जगहों पर 18 परियोजनाओं से बढ़ेंगी शहर की सुविधाएं

म्युनिसिपल बांड से जुटाए गए 200 करोड़ रुपये से पटना के 15 अलग-अलग स्थानों पर 18 विकास योजनाओं को पूरा करने की तैयारी है। इनमें 12 वेंडिंग जोन और दो मैरिज हॉल का निर्माण शामिल है। इसके अलावा एक पार्किंग स्थल, एक वाणिज्यिक परिसर, एक होटल और एक सामुदायिक भवन भी बनाया जाएगा। इन परियोजनाओं के जरिए शहर में कारोबार, पार्किंग और सामाजिक आयोजनों से जुड़ी सुविधाओं को विकसित करने की योजना है। निगम का मानना है कि इन निर्माण कार्यों के पूरा होने से राजधानी के लोगों को कई नई नागरिक सुविधाएं मिल सकेंगी।

10 स्थानों पर निगम की अपनी जमीन, तैयार हुई कार्ययोजना

इन विकास परियोजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए नगर निगम ने 15 स्थानों को चिह्नित किया है। इनमें से 10 जगहों पर निगम की अपनी जमीन उपलब्ध है, जबकि चार स्थानों पर पथ निर्माण विभाग और एक स्थान पर बिहार राज्य आवास बोर्ड की जमीन का चयन किया गया है। इन सभी जगहों पर प्रस्तावित निर्माण कार्यों को लेकर निगम ने कार्ययोजना भी तैयार कर ली है। खास तौर पर वेंडिंग जोन बनने से फुटपाथी दुकानदारों को कारोबार के लिए व्यवस्थित जगह मिल सकेगी। वहीं, मैरिज हॉल, पार्किंग, वाणिज्यिक परिसर और सामुदायिक भवन जैसी परियोजनाओं से शहर की सार्वजनिक सुविधाओं का दायरा बढ़ाने की तैयारी है।

Tags - Bihar News Bihar Latest News Patna Municipal Corporation Municipal Bond Patna Municipal Bond 200 Crore