पटना/बिहार
पटना में गुरुवार को मलाही पकड़ी मेट्रो ट्रेन का उद्घाटन होगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सुबह पौने 12 बजे मेट्रो ट्रेन का उद्घाटन एवं मेट्रो सेवा विस्तार का लोकार्पण करेंगे। इसी के साथ आमलोगों के लिए यह मेट्रो सेवा शुरु हो जाएगी। मलाही पकड़ी ट्रेन के उद्घाटन एवं सेवा विस्तार के कारण आज नियमित मेट्रो सेवाओं का संचालन शाम चार बजे तक स्थगित रहेंगी। इसे लेकर रेल मंत्रालय की तरफ से यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी यात्रा की योजना इसी अनुसार बनाएं और इस विस्तार में सहयोग दें।

इस रुट से होकर गुजरेगा
पटना मेट्रो के प्राथमिक कॉरिडोर का चौथा एलिवेटेड स्टेशन मलाही पकड़ी के शुरू होने के साथ ही मेट्रो सेवा भूतनाथ से आगे बढ़कर कंकड़बाग और राजेंद्रनगर जैसे महत्वपूर्ण इलाकों तक पहुंच बनाएगी। मलाही पकड़ी से बैरिया आईएसबीटी तक 6.2 किलोमीटर का सफर करीब 16 मिनट में पूरा होगा। इस रूट पर फिलहाल एक ही मेट्रो का संचालन किया जाएगा, जो सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक हर 35 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध रहेगी।

कुल चार मेट्रो स्टेशन संचालित होंगे
मलाही पकड़ी से बैरिया आईएसबीटी तक यात्रा का अधिकतम किराया 30 रुपये निर्धारित किया गया है। स्टेशन शुरू होने के बाद इस कॉरिडोर पर मलाही पकड़ी, भूतनाथ, जीरो माइल और बैरिया आईएसबीटी सहित कुल चार मेट्रो स्टेशन संचालित होंगे। फिलहाल भूतनाथ और जीरो माइल के बीच स्थित खेमनीचक मेट्रो स्टेशन का निर्माण कार्य अभी जारी है।