बाढ़/ पटना
पटना के बाढ़ अनुमंडल में शराब छापेमारी करने पहुंची मद्यनिषेध टीम पर अपराधियों द्वारा पथराव किया गया, जिसमें ड्राइवर और सिपाही गंभीर रुप से घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए बख्तियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया है। घटना बख्तियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत करनौती पंचायत के रानीसराय गांव का है।

जांच के दौरान किया गया पथराव
मद्यनिषेध इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि गुरुवार देर शाम सूचना मिली थी कि गांव के पासवान टोला स्थित एक होटल में शराब की अवैध रुप से बिक्री की जा रही है। इसी आधार पर मद्यनिषेध विभाग की टीम दलबल के साथ होटल में छापेमारी करने पहुंची। जांच के दौरान कुछ लोग टीम के अधिकारियों से बहस करने लगे। अधिकारियों ने स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद लोग उग्र हो गए और टीम के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए पथराव शुरू कर दिया, जिसमें ड्राइवर और एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। पथराव की इस घटना में विभाग के दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।

अपराधियों की पहचान में जुटी विभाग
घायलों की पहचान ड्राइवर कन्हैया कुमार और सिपाही उदित राज के रुप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ एसडीपीओ-2 आशीष श्रीवास्तव और बख्तियारपुर थाना अध्यक्ष देवानंद शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच करते हुए हमले और पथराव में शामिल लोगों की पहचान में जुटी हुई है। इस संबंध में बख्तियारपुर थाना में लिखित आवेदन दिया गया है।