पटना के एक होटल में बीते दिनों छात्रा के साथ जबरदस्ती करने और छेड़खानी करने का मामला सामने आया था। इसे लेकर शुक्रवार को जन सुराज पार्टी का प्रतिनिधिमंडल बिहार के डीजीपी से मिला है। पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना और पार्टी के वरिष्ठ नेता ललन यादव के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

होटल लाइसेंस रद्द करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी के समक्ष पांच प्रमुख मांगें रखीं। जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में SIT गठित कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, होटल हिडेन विला के मालिक, प्रबंधक और कर्मचारियों की भूमिका की जांच, सुरक्षा प्रोटोकॉल उल्लंघन की पड़ताल और होटल परिसर में अवैध गतिविधियों की पुष्टि होने पर लाइसेंस रद्द करने की मांग शामिल है। इसके अलावा पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा देने और धमकी देने वालों पर FIR दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग भी उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात के बाद बताया कि डीजीपी से उनकी सकारात्मक बातचीत हुई है। डीजीपी ने कहा कि इस मामले में व्यक्तिगत निगरानी का आश्वासन दिया है और कहा है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही नेताओं ने राजधानी पटना समेत राज्य के सभी होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों का विशेष सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की, ताकि भविष्य में महिलाओं और छात्राओं के साथ ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

क्या था पूरा मामला?
दरअसल बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था जिसमें एक पिता अपनी बेटी के साथ होटल में हुए घटना को लेकर मीडिया के सामने अपने दर्द बयां करते नजर आ रहे थे। पीड़त व्यक्ति बेगूसराय का रहने वाला है। वो अपनी बेटी को पॉलिटेक्निक की परीक्षा दिलाने पटना आए थे। रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित होटल हिडेन विला में ठहरे थे। उनका आरोप था कि होटल में देर रात नशे में धूत एक अज्ञात युवक कमरे में घुस आया और छात्रा को जबरदस्ती खींचकर अपने साथ जाने को कह रहा था। इसके बाद जब पिता की नींद खुली तो उन्होंने इसका विऱोध जताया। होटल संचालक को इसकी सूचना के बाद जब पूछा गया कि युवक कौन है तो संचालक ने बताया था कि वह गेस्ट है और इसने कमरा बुक नहीं कराया है। पिता ने होटल संचालक पर आरोप लगाते हुए कहा था कि युवक का नंबर मांगने पर वह उसका फोन लेकर होटल से बाहर भाग गया और युवक की बचाने की कोशिश की गई। हालांकि बाद में जांच के दौरान पुलिस को होटल के ही दूसरी मंजिल पर तीन-चार लड़के और लड़कियां एक कमरे में शराब पीते और पार्टी करते दिखे थे। इसी मामले को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने डीजीपी से मुलाकात कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।