पटना/बिहार
पटना में बुधवार को एक पारिवारिक विवाद में खूनी खेल को अंजाम दिया गया। घटना में एक दामाद ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए घर में लगाई आग। घर में पत्नी, बच्चे, ससूर सहित सास सभी अंदर थे। इस हादसे में सभी गंभीर रुप से जल गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने सभी की हालत नाजुक बताई है। घटना राजा बाबू खाटू श्याम गली का है।

ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर घर में लगाई आग
जानकारी के मुताबिक, पारिवारिक कलह से परेशान होकर दामाद ने यह कदम उठाया। बताया जा रहा है कि उसने कुछ ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर घर में आग लगा दी और खुद वहां से फरार हो गया। आग की लपटें देखकर आसपास में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए घर के लोगों को बाहर निकाला और आनन-फानन में सभी को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा इलाज जारी है लेकिन सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना पाते ही पटना सिटी एसडीपीओ-2 और पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु कर दी। फिलहाल पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए इलाके और आसपास की गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए FSL की टीम को भी तलब किया है। टीम द्वारा घटनास्थल से जले हुए अवशेष और अन्य नमूने एकत्र किए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है, जहां सभी की इलाज चल रही है।