द फॉलोअप डेस्क:
Patna Fatuha Police Encounter: पटना (Patna) जिले के फतुहा थाना (Fatuha Police) क्षेत्र में बुधवार को पुलिस और एक आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। एनएच-30 (NH- 30) से नियाजीपुर गांव (Niyazipur Village) जाने वाली ग्रामीण सड़क पर हुई इस घटना में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान शुभम उर्फ झामु के पैर में गोली लग गई। घायल शुभम को इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से एक पिस्टल बरामद होने की भी जानकारी सामने आई है।

पुलिस से घिरने पर गोदाम के पास छिपा आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार, जिला सूचना इकाई (डीआईओ) और कदमकुआं थाने की पुलिस टीम शुभम उर्फ झामु का पीछा कर रही थी। पुलिस से घिरता देख वह एनएच-30 फोरलेन से निकलकर नियाजीपुर गांव जाने वाली ग्रामीण सड़क की ओर चला गया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान वह एक गोदाम के पास छिप गया और पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई। गोली लगने से घायल होने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे अपने कब्जे में लिया और इलाज के लिए पीएमसीएच भेज दिया। आरोपी की पहचान पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र के शुभम उर्फ झामु के रूप में हुई है।

कदमकुआं पुलिस और डीआईओ की टीम थी शामिल
इस कार्रवाई में कदमकुआं थानाध्यक्ष जन्मजय राय, एसआई अनिल कुमार और जिला सूचना इकाई की टीम शामिल बताई जा रही है। पुलिस टीम आरोपी का पीछा करते हुए नियाजीपुर पहुंची थी। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल पर पुलिस की गतिविधियां बढ़ा दी गईं।
.jpeg)
मौके पर पहुंचे फतुहा एसडीपीओ
घटना की जानकारी मिलने के बाद फतुहा एसडीपीओ अवधेश कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। ग्रामीण एसपी के भी घटनास्थल पर पहुंचने की सूचना है। मुठभेड़ में घायल शुभम उर्फ झामु का पीएमसीएच में इलाज चल रहा है। पुलिस घटनास्थल से बरामद हथियार और फायरिंग से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। हालांकि, मुठभेड़ की परिस्थितियों और मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।