logo

पटना में जाली नोटों की बड़ी खेप बरामद, यूपी कनेक्शन का खुलासा, चार तस्कर गिरफ्तार

NOTE2.jpg

 द फॉलोअप डेस्क 

पटना में जाली नोटों की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पटना पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अगमकुआं थाना क्षेत्र के टीवी टावर के पास चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से 100 और 500 रुपये के जाली नोटों की बड़ी खेप बरामद की है। जांच के दौरान पुलिस को कार से 100 रुपये के जाली नोट की 20 गड्डियां और 500 रुपये के 5 गड्डी नकली नोट मिले। कुल मिलाकर करीब 2 लाख से अधिक जाली नोट जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान खुसरूपुर निवासी दो सगे भाई राणा लव और राणा कुश के अलावा वैशाली जिले के लालगंज निवासी अस्मित कुमार और नालंदा के इस्लामपुर निवासी अशुतोष कुमार के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ के क्रम में सामने आया कि यह गिरोह उत्तर प्रदेश से जाली नोटों की तस्करी कर उन्हें पटना के बाजार में खपाने की तैयारी में था। इससे पहले भी यह गिरोह आजमगढ़  समेत अन्य जिलों से जाली नोट लाकर सप्लाई कर चुका है।

पुलिस जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि इस नेटवर्क का संबंध एक बड़े गिरोह से हो सकता है। सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी इस चेन की बीच की कड़ी हैं और इसके पीछे किसी मास्टरमाइंड की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता। मामले की गंभीरता को देखते हुए Reserve Bank of India, आर्थिक अपराध इकाई और अन्य जांच एजेंसियों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। साथ ही यूपी पुलिस से संपर्क कर पूरे नेटवर्क को खंगालने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने आरोपितों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और रिमांड पर लेकर उनसे गहन पूछताछ की जाएगी। यह भी जांच की जा रही है कि पहले किन लोगों तक जाली नोट पहुंचाए गए और इस बार इन्हें कहां खपाने की योजना थी। इस कार्रवाई के बाद पटना पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि जाली नोटों के नेटवर्क पर कड़ी नजर रखी जा रही है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Tags - patna fake currency case fake notes seizure patna patna police action counterfeit currency india up to bihar smuggling fake 100 rupee notes fake 500 rupee notes agmkuaan police raid patna