द फॉलोअप डेस्क:
Patna Bribery Case: बिहार (Bihar) `में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी ब्यूरो ने दीवाली के दिन बड़ी कार्रवाई की। टीम ने मधुबनी (Madhubani) पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा (Ritesh Chandra Sinha) को पांच लाख रुपये रिश्वत (5 Lakh Bribe) लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी पटना (Patna) के आशियाना स्थित रामनगरी (Ram Nagari) के शिव-पार्वती गृह अपार्टमेंट में उनके फ्लैट नंबर सी-303 से हुई। निगरानी टीम को अपने फ्लैट में पहुंचा देखकर अभियंता घबरा गए और कथित तौर पर रिश्वत की रकम खिड़की से नीचे फेंक दी। उन्होंने नोटों को अपार्टमेंट के बाहर स्थित एक छोटे मैदान में फेंककर सबूत मिटाने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पूरी रकम बरामद कर ली।

बकाया भुगतान के लिए मांगा था 19.50 लाख कमीशन
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, रोहतास जिले के डेहरी निवासी ठेकेदार अरुण कुमार सिंह ने कार्यपालक अभियंता के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। ठेकेदार ने मधुबनी पथ प्रमंडल में दो सड़क निर्माण परियोजनाओं का काम कराया था। पहली परियोजना मधुबनी-राजनगर-बाबूबरही-खुटौना मार्ग पर 1.2 किलोमीटर सड़क निर्माण की थी, जिसकी लागत 5.78 करोड़ रुपये है। इसका करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका था। वहीं, दूसरी परियोजना स्टेडियम चौक, महाराजगंज चौक और सूड़ी हाईस्कूल होते हुए 2.4 किलोमीटर सड़क निर्माण की थी। इसकी लागत करीब 13.48 करोड़ रुपये है और लगभग 25 प्रतिशत काम पूरा हुआ था। दोनों योजनाओं में करीब 6.50 करोड़ रुपये का भुगतान बाकी था। आरोप है कि इस राशि के भुगतान के बदले अभियंता ने तीन प्रतिशत कमीशन के हिसाब से 19.50 लाख रुपये रिश्वत मांगी थी। तत्काल पांच लाख रुपये देने का दबाव बनाया जा रहा था।

शिकायत की पुष्टि के बाद बिछाया गया जाल
शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने पहले मामले का सत्यापन कराया। इसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने पर छह नवंबर को निगरानी थाना कांड संख्या 133/26 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया। टीम ने आठ नवंबर को कार्रवाई करते हुए रितेश चन्द्र सिन्हा को पांच लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उन्होंने रकम खिड़की से नीचे फेंक दी थी, जिसे निगरानी टीम ने बरामद कर लिया। अब पूछताछ के बाद आरोपी अभियंता को निगरानी की विशेष अदालत, पटना में पेश किया जाएगा।