logo

NEET री-परीक्षा आज : पटना में बदला ट्रैफिक रूट, 46 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा; कोचिंग संस्थान रहेंगे बंद

neet_1.jpg

पटना/बिहार
NEET UG 2026 के री-एग्जाम को लेकर आज बिहार में हाई अलर्ट है। राज्य के 35 शहरों के 331 परीक्षा केंद्रों पर 1,56,061 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इनमें राजधानी पटना के 95 परीक्षा केंद्रों पर सबसे अधिक 46,029 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को दोपहर 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। परीक्षा में कोई गड़बड़ी न हो इसका पूरा ख्याल रखा जा रहा है। इसे लेकर सभी परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, सघन जांच और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

ट्रैफिक व्यवस्था में भी बड़े बदलाव
परीक्षा को देखते हुए पटना में ट्रैफिक व्यवस्था में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। कुम्हरार स्थित बापू परीक्षा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए कई मार्गों पर वाहनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। धनकी मोड़ से पटना शहर की ओर आने वाले सभी ऑटो और ई-रिक्शा अब जीरोमाइल, न्यू बाइपास और भूतनाथ रोड होते हुए ओल्ड बाइपास की ओर भेजे जाएंगे। वहीं बस, पिकअप और अन्य भारी मालवाहक वाहनों को न्यू बाइपास-मीठापुर मार्ग से होकर गुजरना होगा। प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय से पहले घर से निकलने और बदले हुए ट्रैफिक रूट का पालन करने की अपील की है।

सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की व्यवस्था
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने सभी सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की व्यवस्था की है। इसके अलावा रेलवे ने भी विभिन्न रूटों पर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया है। वहीं परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पटना के सभी कोचिंग संस्थान आज बंद रहेंगे। सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। प्रशासन का कहना है कि किसी भी अफवाह या गड़बड़ी पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

Tags - NEET UG 2026 Re Exam NEET Re Exam Bihar