Patna Puja Pandal Safety: पटना (Patna) में दुर्गा पूजा (Durga Puja) के दौरान अगलगी की घटनाओं को रोकने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अग्निशमन विभाग (Fire Department) के डीआईजी मनोज कुमार नट (DIG Manoj Kumar Nat) ने राजधानी के कई पूजा पंडालों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पंडालों में सुरक्षा मानकों की जांच की गई और कमियों को जल्द दूर करने का निर्देश दिया गया। अब तक 1,173 पूजा पंडालों की जांच की जा चुकी है, जिनमें नियमों का पालन नहीं करने वाले 46 पंडालों को नोटिस जारी किया गया है।

80 संवेदनशील पंडालों पर रहेगी विशेष नजर
दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पटना में 80 संवेदनशील पूजा पंडालों को चिह्नित किया गया है। इन स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। इसके लिए 54 अग्निशमन वाहनों को तैयार रखा गया है। साथ ही करीब 30 कंट्रोल रूम बनाए गए हैं और 200 से अधिक अतिरिक्त अग्निशमन कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

पूजा समिति के सदस्यों को मिलेगा प्रशिक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई
अग्निशमन विभाग ने प्रत्येक पूजा पंडाल से तीन सदस्यों को आग बुझाने और शुरुआती बचाव का प्रशिक्षण देने की योजना बनाई है। प्रशिक्षित सदस्यों को विभाग की ओर से जैकेट भी उपलब्ध कराई जाएगी। विभाग ने पटना के करीब 1,500 पूजा पंडालों का डाटा जुटाया है और पूजा समितियों को अग्नि सुरक्षा से जुड़े जरूरी निर्देश दिए जा रहे हैं। डीआईजी मनोज कुमार नट के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों की अनदेखी करने वाले पंडालों पर कार्रवाई की जाएगी।