पटना/बिहार
पटना के एक कारोबारी को शादी का झांसा देकर 74.92 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। घटना जिले के चौक थाना क्षेत्र का है। फेसबुक के जरिए दोनों में हुई थी दोस्ती। बेंगलुरु की महिला ने खुद को फैशन डिजाइनर बताया। पहले दोस्ती किया और फिर जब भावनात्मक लगाव बढ़ने के बाद बिटकॉइन ट्रेडिंग के जरिए रातों-रात अमीर बनने का लालच दिया।

47 बार किए थे ऑनलाइन ट्रांजैक्शन
पूछताछ में कोरोबारी ने बताया कि उसने झांसे में आकर एक फर्जी वेबसाइट पर निवेश करना शुरू कर दिया। उसने बताया कि पहले उसे फर्जी मुनाफे के आंकड़े दिखाकर जाल में फंसाया गया। भरोसा जीतने के लिए ठगों ने 20 हजार रुपये के निवेश पर 1.16 लाख रुपये का कथित मुनाफा का स्क्रीनशॉट दिखाया। इसी झांसे में आकर उसने अलग-अलग किस्तों में कुल 47 बार ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के माध्यम से 74.92 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।

ऐसे हुआ खुलासा
आगे कारोबारी ने बताया कि जब उसने अपने पैसे निकालने चाहे तो वेबसाइट पर पैसा रिलीज करने के बदले 25 प्रतिशत अतिरिक्त राशि 'सिक्योरिटी मनी' के रूप में जमा करने की मांग किया गया। शक होने पर जब कारोबारी ने पड़ताल की तो उन्हें अहसास हुआ कि वे साइबर ठगों के जाल में फंस चुका है। माजरा पता चलते ही उसने तुरंत साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। लगातार इस तरह से हो रहे साइबर ठगी से लोग परेशान हैं। राज्य के अलग-अलग जिलों में इससे जुड़े अनेकों मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।