logo

पटना में छात्रों के राजभवन मार्च के दौरान पुलिस ने किया लाठीचार्ज, कई छात्र घायल

आइसा.jpg

पटना

पटना में राजभवन मार्च के दौरान पुलिस ने छात्रों पर किया लाठीचार्ज, जिसमें कई छात्रों के घायल होने की सूचना है। आज AISA के नेतृत्व में छात्रों ने पेपर लीक के विरोध और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राजभवन मार्च निकाला। राजभवन की ओर बढ़ रहे छात्रों को पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इस दौरान गांधी मैदान इलाके में अफरातफरी का माहौल रहा और काफी देर तक भागदौड़ की स्थिति बनी रही।

वाटर कैनन का इस्तेमाल  
प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। स्थिति बिगड़ने पर आंसू गैस के गोले दागे और  लाठीचार्ज किया गया। इस कार्रवाई में कई छात्रों के घायल होने की सूचना है। वहीं, पथराव के दौरान गांधी मैदान थानेदार के सिर फटने की भी बात सामने आई है। घटना के बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में
आइसा ने यह मार्च दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में आयोजित किया था। प्रदर्शनकारी देशभर में सामने आए पेपर लीक मामलों की फास्ट ट्रैक जांच, शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार पर रोक, शिक्षा के निजीकरण के खिलाफ प्रभावी कदम और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। छात्रों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण आंदोलनों को दबाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि कार्रवाई के बाद भी कुछ प्रदर्शनकारी जेपी गोलंबर के आसपास डटे रहे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।

Tags - Patna Student ProtestAISA Raj Bhavan MarchBihar Education Protest