द फॉलोअप डेस्क:
Patna Student Protest: आज AISA और RYA के कार्यकर्ताओं ने गांधी मैदान (Gandhi Maidan) के गेट नंबर-10 (Gate Number 10) के पास जुटकर लोक भवन (Lok Bhanwan) की ओर मार्च निकालने की योजना बनाई है. यह प्रदर्शन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के विरोध में प्रस्तावित है।छात्र-युवा संगठनों के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस अलर्ट मोड पर है। डाकबंगला चौराहा (Dak Bungalow Chowk), गांधी मैदान (Gandhi Maidan), एसपी वर्मा रोड (SP Verma Road) और होटल मौर्य (Hotel Maurya) के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रशासन की कोशिश है कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे और शहर में यातायात प्रभावित न हो।

SIR के विरोध में प्रदर्शन
प्रदर्शनकारी संगठनों का आरोप है कि SIR प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। उनकी मांग है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए और मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया पारदर्शी बनाई जाए। माले विधायक संदीप सौरव ने भी इस प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए हैं।

गर्दनीबाग में प्रदर्शन की अपील
वहीं, जिला प्रशासन ने संगठनों से अपनी मांगें रखने के लिए गर्दनीबाग के निर्धारित धरना स्थल का इस्तेमाल करने की अपील की है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यातायात बाधित करने या सार्वजनिक शांति भंग करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि प्रदर्शन के दौरान राजधानी पटना में सुरक्षा और यातायात की स्थिति कैसी रहती है।