logo

पटना एयरपोर्ट के रनवे विस्तार के लिए जू की जमीन का होगा पुनर्सर्वेक्षण, जानिए क्यों!

3V0.jpg

पटना/बिहार
पटना एयरपोर्ट के रनवे विस्तार के लिए पटना जू की जमीन का पुनसर्वेक्षण किया जाएगा। इसके अलावा एप्रोच लाइट सिस्टम को भी अपग्रेड किया जाएगा। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) नए तकनीकी प्लान पर काम कर रही है। इसके तहत जमीन की जरूरत और एप्रोच लाइट सिस्टम का पूरा खाका दोबारा तैयार किया जाएगा। 
 

रनवे बढ़ा तो जू का बड़ा हिस्सा होगा प्रभावित
पिछले साल AAI ने जू के अंदर 360 मीटर लंबी जमीन मांगी थी, जहां छह एप्रोच लाइट लगाने की योजना थी। अब सिर्फ लाइट सिस्टम ही नहीं, बल्कि रनवे विस्तार पर भी गंभीरता से विचार हो रहा है। माना जा रहा है कि अगर रनवे विस्तार को मंजूरी मिलती है तो पीर अली पथ पार करते हुए जू के गेट नंबर-2 तक करीब 60 मीटर चौड़ी जमीन की जरूरत पड़ेगी। इससे पटना जू की लगभग 17 हेक्टेयर जमीन प्रभावित हो सकती है, जो कुल क्षेत्रफल का करीब 28 प्रतिशत हिस्सा है। रनवे जू के करीब आने से विमानों की तेज आवाज का असर जानवरों की सेहत पर पड़ सकता है। ऐसे में हाथी, गैंडा, जिराफ, ब्लैक बक और गौड़ समेत कई जानवरों के बाड़ों को दूसरी जगह शिफ्ट करना पड़ सकता है।
 

वन विभाग की आपत्ति के बाद बदलेगा प्लान
दरअसल पटना जू की जमीन संरक्षित वन क्षेत्र के अंतर्गत आती है, इसलिए नियमों के अनुसार बदले में समान जमीन दिए बिना इसका अधिग्रहण नहीं हो सकता। पहले दिए गए प्रस्ताव में बदले की जमीन का स्पष्ट उल्लेख नहीं के कारण वन विभाग की प्रस्ताव मूल्यांकन समिति ने आपत्ति जताकर फाइल वापस कर दी थी। अब AAI अपग्रेडेड एप्रोच लाइट सिस्टम के अनुसार नया सर्वे कराएगी और फिर संशोधित प्रस्ताव वन विभाग को भेजेगी। हालांकि नए लेआउट को केंद्रीय जू प्राधिकरण और सुप्रीम कोर्ट की पर्यावरण समिति से भी मंजूरी लेनी होगी, इसलिए पूरी प्रक्रिया में अभी लंबा समय लग सकता है।

Tags - Patna Airport runway expansion Patna Zoo land survey Patna Airport latest news