logo

खेसारी लाल यादव के शो में पप्पू यादव का विवादित अंदाज, पुलिस जवान को धक्का देने का वीडियो वायरल

खेसारी लाल यादव के शो में पप्पू यादव का विवादित अंदाज, पुलिस जवान को धक्का देने का वीडियो वायरल

द फॉलोअप डेस्क:

बिहार (Bihar) के मधेपुरा (Madhepura) में खुर्दा महोत्सव के दौरान सांसद पप्पू यादव (Pappu Yadav) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वीडियो में वह मंच पर मौजूद एक पुलिस जवान को नीचे जाने का इशारा करते और उसे धक्का देते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि जवान सांसद की सुरक्षा में तैनात था। महोत्सव में भोजपुरी गायक और अभिनेता खेसारी लाल यादव की प्रस्तुति के दौरान भारी भीड़ जुटी थी। पप्पू यादव भी मंच पर मौजूद थे और लोगों से व्यवस्था बनाए रखने की अपील कर रहे थे। इसी बीच उनकी नजर पीछे खड़े पुलिस जवान पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने उसे मंच से नीचे जाने का इशारा किया। हालांकि, जवान को नीचे भेजने की वजह स्पष्ट नहीं है और इस घटना पर सांसद की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आने की जानकारी नहीं है।

खेसारी लाल यादव की ओर फेंकी गई चप्पल

खुर्दा महोत्सव के दौरान एक और घटना हुई, जब मंच पर प्रस्तुति दे रहे खेसारी लाल यादव की ओर दर्शकों में से किसी ने चप्पल फेंक दी। इस पर खेसारी ने नाराजगी जताने के बजाय मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने चप्पल की ओर इशारा करते हुए कहा, “बहुत अच्छा। क्या बात है बेटा... बाटा का चप्पल है क्या? बहुत प्यारा था। आई लव यू।” उन्होंने चप्पल फेंकने वाले व्यक्ति को लेकर भी हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी की और अपना कार्यक्रम जारी रखा। वहीं, इस घटना पर पप्पू यादव ने नाराजगी जताते हुए कहा कि चप्पल फेंकने वाला व्यक्ति सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है और उसे दो दिन में ढूंढ लिया जाएगा। हालांकि, खेसारी ने मामले को ज्यादा तूल नहीं दिया और कार्यक्रम जारी रखने पर जोर दिया।

बिजली के खंभे पर चढ़े युवकों को भी किया आगाह

महोत्सव में भीड़ का आलम यह था कि कुछ युवक खेसारी लाल यादव को करीब से देखने के लिए बिजली के खंभे पर चढ़ गए। यह देखकर पप्पू यादव ने युवकों को नीचे उतरने के लिए कहा और ऐसी हरकतों से बचने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान चप्पल फेंकने, युवकों के खंभे पर चढ़ने और मंच पर पुलिस जवान के साथ सांसद के व्यवहार से जुड़ी घटनाएं चर्चा में आ गई हैं। इनमें पुलिस जवान को धक्का देने वाला वीडियो खास तौर पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। हालांकि, वीडियो में दिख रहे घटनाक्रम के पीछे की पूरी वजह स्पष्ट नहीं है। इस मामले में पप्पू यादव का पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति और साफ हो सकेगी।

Tags - Bihar News Bihar Latest News Pappu Yadav Viral Video Pappu Yadav Pushes Police Constable