द फॉलोअप डेस्क:
Pappu Yadav Health: बिहार (Bihar) के पूर्णिया (Purnia) से सांसद पप्पू यादव (Pappu Yadav) की कटिहार (Katihar) में एक कार्यक्रम के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। वे सांस्कृतिक कार्यक्रम और नाटक का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें चक्कर आने लगा और वे लड़खड़ाने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला, जिससे वे गिरने से बच गए। स्थिति को देखते हुए उनके लिए आनन-फानन में कुर्सी मंगाई गई, ताकि वे बैठ सकें।

वीडियो में दिखा पूरा घटनाक्रम, सिर पर डाला गया पानी
पप्पू यादव की तबीयत बिगड़ने का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में उनके आसपास लोगों की काफी भीड़ दिखाई दे रही है। सांसद के हाथ में माइक था, तभी उन्हें अचानक असहज महसूस हुआ। उन्होंने हाथ से इशारा कर चक्कर आने की बात बताई। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उन्हें कुर्सी पर बैठाया और उनके सिर पर पानी डाला। कुछ देर बाद उन्हें थोड़ी राहत मिली। जानकारी के अनुसार, दुर्गा पूजा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचने से पहले उन्होंने माता रानी के दर्शन किए थे। तबीयत खराब होने के कारण उन्हें कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर वापस लौटना पड़ा।

नीरज कुमार को भी आया था हार्ट अटैक, अस्पताल में हुए भर्ती
गौरतलब है कि इससे पहले जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई थी। जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात उन्हें हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उन्हें आईसीयू में रखा गया था। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। अब पप्पू यादव की अचानक तबीयत बिगड़ने की घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में दोनों नेताओं की सेहत को लेकर चर्चा हो रही है।