द फॉलोअप डेस्क
बिहार के सरकारी स्कूलों में मिड डे मील के मेन्यू में बदलाव किया गया है, जो 15 फरवरी से लागू होगा। शिक्षा विभाग ने राज्यभर के प्रारंभिक स्कूलों के लिए नया मेन्यू तैयार किया है, जिसके तहत अब बच्चों को सप्ताह में सिर्फ एक दिन, शनिवार को खिचड़ी मिलेगी। वहीं, सोमवार और गुरुवार को चावल के साथ तड़का मिलेगा, जिसमें हरी सब्जी भी शामिल होगी।
अब तक के मेन्यू के अनुसार बच्चों को सप्ताह में दो दिन, शनिवार और बुधवार को खिचड़ी दी जाती थी, लेकिन नए मेन्यू के तहत बुधवार को चावल और लाल चने की सब्जी दी जाएगी। इसमें आलू भी शामिल होगा। इसके अलावा, शुक्रवार को बच्चों को दिए जाने वाले पुलाव और काबुली चने के छोले को हटा दिया गया है, क्योंकि बच्चों द्वारा इसे पसंद नहीं किया जाता था। अब शुक्रवार को चावल और लाल चने की सब्जी दी जाएगी, साथ ही बच्चों को एक अंडा या मौसमी फल भी मिलेगा।
मेन्यू में और एक बड़ा बदलाव यह है कि सोमवार और गुरुवार को चावल, दाल और सब्जी देने का प्रावधान भी बदल दिया गया है। शनिवार को दी जाने वाली खिचड़ी में अब हरी सब्जी के साथ आलू का चोखा भी शामिल होगा। मंगलवार को दिया जाने वाला जीरा चावल भी मेन्यू से हटा दिया गया है। अब मंगलवार को चावल और सोयाबीन-आलू की सब्जी दी जाएगी।
शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से मेन्यू में बदलाव की तैयारी चल रही थी, जिसमें बच्चों की पसंद और पौष्टिकता को ध्यान में रखा गया है। राज्य में करीब 68 हजार प्रारंभिक स्कूलों में हर दिन बच्चों को इस योजना के तहत पकाया हुआ भोजन दिया जाता है, और लगभग एक करोड़ बच्चे प्रतिदिन मिड डे मील का लाभ उठाते हैं।