logo

गैस एजेंसियों पर नीतीश सरकार ने कसा शिकंजा, माफियाओं की शिकायत के लिए उपभोक्ता दूरभाष नं. जारी

85ff.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब भारत की रसोई तक पहुंच गया है। देश में एलपीजी गैस सप्लाई को लेकर अचानक मांग तेज हो गई है। बिहार में एलपीजी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और अवैध वसूली के खिलाफ नीतीश सरकार ने सख्त कदम उठाया है। गुरुवार को पुलिस-प्रशासन की टीम ने पटना और आसपास के कई गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। राज्य में औचक निरीक्षण के दौरान गैस माफियाओं पर शिकंजा कसते हुए 132 सिलेंडर जब्त किए गए। वहीं एक गैस एजेंसी को सील कर उसके मालिक के खिलाफ FIR भी  दर्ज की गई है। हालांकि उपभोक्ताओं को राहत देते हुए सरकार ने ये स्पष्ट किया है कि अब मनमानी करने वाली एजेंसियों की खैर नहीं होगी। अगर कोई भी गैस एजेंसी तय कीमत से ज्यादा पैसे मांगती है या सिलेंडर की होम डिलीवरी में आनाकानी करती है तो इसकी शिकायत उपभोक्ता दूरभाष नंबर 0612-2219810 पर सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक दर्ज करा सकते हैं। 

 

दरअसल, यह औचक निरीक्षण पटना सदर की अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में फुलवारीशरीफ स्थित सुलभ इंडेन गैस वितरक के खिलाफ किया गया। निरीक्षण के दौरान एजेंसी का संचालक कार्यालय में मौजूद नहीं पाया गया। जिसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारियों ने एजेंसी के कार्यालय को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। साथ ही प्रशासन द्वारा एजेंसी संचालक को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने स्पष्ट कहा कि उपभोक्ताओं के हितों से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गैस वितरण में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इधर पटना सदर अनुमंडल में एक उपभोक्ता की शिकायत के आधार पर गैस एजेंसी के डिलीवरी बॉय के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

दीघा निवासी उपभोक्ता ने बताया कि उन्होंने इंद्रपुरी स्थित उत्सव गैस सेवा एजेंसी से गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई थी, लेकिन सिलेंडर की आपूर्ति नहीं की गई। इसके बावजूद उनके मोबाइल पर सिलेंडर डिलीवर होने का मैसेज भेज दिया गया। इस मामले में पाटलिपुत्र थाने में डिलीवरी बॉय मुकेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रखंड स्तर पर एलपीजी सिलेंडर से संबंधित शिकायतों के निवारण और जमाखोरी रोकने के लिए 28 धावा दलों का गठन किया गया है। उधर अनुमंडल प्रशासन ने शाहपुर इलाके में दो स्थानों पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। दोनों दुकानदारों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। एडीएसओ के साथ छह सदस्यीय टीम ने गुरुवार देर रात यह कार्रवाई की। प्रशासन ने सख्ती बढ़ाते हुए पटना जिले के सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों और सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारियों की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी हैं।

Tags - Bihar LPG cylinder news Nitish Kumar government action gas agency raid Patna LPG black marketing Bihar Bihar gas mafia crackdown Patna district administration action LPG cylinder seizure Bihar gas agency sealed Patna Phulwari Sharif gas distributo