logo

Patna : 'बिहार के भैया को पंजाब में घुसने नहीं देंगे', चरणजीत सिंह चन्नी के इस बयान पर क्या बोले नीतीश कुमार

nitishkumnar.jpg

पटना: 

पंजाब में कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा यूपी-बिहार के लोगों के बारे में दिए गये विवादित बयान पर अब बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पलटवार किया है। नीतीश कुमार ने कहा कि क्या वे जानते हैं कि पंजाब में बिहार के लोगों का कितना योगदान है। वहां कितने बिहार के लोग रहते हैं। नीतीश कुमार ने कहा कि मैं हैरान हूं कि लोग इस तरह का बयान कैसे देते हैं। नीतीश कुमार ने कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी की बयान दुर्भाग्यपूर्ण है। 

चरणजीत सिंह चन्नी का बयान दुर्भाग्यपूर्ण
गौरतलब है कि बुधवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए पंजाब में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा था कि प्रियंका गांधी पंजाबी हैं। वो पंजाबी बहू हैं। चरणजीत सिंह चन्नी ने ये भी कहा कि हम पंजाबी खुद डॉन हैं। हम बिहार और यूपी के भैया लोगों को पंजाब में आने नहीं देंगे। गौरतलब है कि इस दौरान कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा भी वहीं मौजूद थीं। हैरानी की बात है कि उन्होंने चन्नी को रोकने की बजाय तालियां बजाईं। 

चन्नी के बयान से यूपी-बिहार के लोगों में नाराजगी
चरणजीत सिंह चन्नी के इस बयान से यूपी औऱ बिहार के लोगों में खासी नाराजगी है। गौरतलब है कि पंजाब में बड़ी संख्या में यूपी और बिहार के लोग काम करते हैं। हर साल खेती के समय बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिक रोपनी और कटनी जैसे कामों के लिए पंजाब जाते हैं। पंजाब की फैक्ट्रियों में भी बिहार और यूपी के लोग बड़ी संख्या में आते हैं।