बिहार
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पटना स्थित जेडीयू कार्यालय पहुंचे। कार्यालय में उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं को गुरुमंत्र दिए। नीतीश कुमार कार्यालय में लगभग 10 मिनट तक रहे। जेडीयू कार्यालय में भामाशाह जयंती कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। वहां नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार का जोरदार स्वागत किया।
नीतीश कुमार ने दिए गुरुमंत्र
मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कार्यालय में यह उनका पहला दौरा था। जिससे परिसर में भारी उत्साह देखा गया। इस दौरान उन्होंने खुद पर बने गाने का आनंद लिया। साथ ही तालियां बजाकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच विशेष पंपलेट बांटे गए, जिनमें दानवीर भामाशाह के परिचय के साथ-साथ नीतीश कुमार के पांच महत्वपूर्ण संदेश शामिल थे। जिसमें उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया और कहा कि उनके लिए "राजनीति सेवा है, मेवा नहीं" और उनका काम ही उनकी पहचान है। नीतीश कुमार ने "न्याय के साथ विकास" का नारा दोहराते हुए कहा कि वे बिहार को उस ऊंचाई पर ले जाना चाहते हैं, जहां से इसे कोई नीचे न गिरा सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए यह भी संदेश दिया कि कोई भी बड़ा लक्ष्य आधे मन से हासिल नहीं किया जा सकता।

नीतीश कुमार के विजन पर काम करेगी पार्टी
कार्यक्रम में उपस्थित दोनों डिप्टी सीएम विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। इस दौरान डीप्टी सीएम विजय चौधरी ने जोर देते हुए कहा कि पार्टी पूरी एकजुटता के साथ नीतीश कुमार के विजन पर काम करेगी। साथ ही उन्होंन यह भी कहा कि उनके द्वारा दिए गए सेवा के संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।