पटना/बिहार
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को अचानक जेडीयू कार्यालय पहुंचे। पार्टी कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम चल रहा था। नीतीश कुमार के अचानक पार्टी कार्यालय पहुंचने पर कुछ देर के लिए हलचल तेज हो गई। कार्यालय में उपस्थित नेताओं, पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से नीतीश कुमार ने आत्मीय भेंट की, उनका कुशल-क्षेम जाना। उसके बाद संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए उनका उत्साहवर्धन किया। उसके बाद उन्होंने कार्यालय में व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और कार्यालय में जारी जनसुनवाई प्रक्रिया का भी जायजा लिया। इसके बाद अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आम लोगों के लिए कार्यालय को हमेशा खुला रखें।
(1/2)
— Janata Dal (United) (@Jduonline) July 6, 2026
बिहार के विकास पुरुष एवं जनता दल (यू) के आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitishKumar जी आज पटना स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने उपस्थित नेताओं, पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से आत्मीय भेंट की, उनका कुशल-क्षेम जाना तथा संगठन को और अधिक सशक्त… pic.twitter.com/wVQ1K9oZRG
औचक निरीक्षण के दौरान कार्यालय में चल रही थी जनसुनवाई
नीतीश कुमार के औचक निरीक्षण के दौरान बिहार सरकार के ग्रामीण विकास और संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार कार्यालय में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान नीतीश कुमार ने इस पूरे कार्यक्रम को ध्यान से देखा और सुना, उसके बाद उन्होंने अधिकारियों और नेताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनसुनवाई को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ की जाए, ताकि लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके।

सख्त निर्देश— कार्यालय हमेशा आम लोगों के लिए खुला रहे
औचक निरीक्षण के बाद उन्होंने कार्यालय में साफ-सफाई, व्यवस्थाओं और आम लोगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा भी उनके साथ मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान नीतीश कुमार ने निर्देश दिया कि कार्यालय की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित हों, जनता और कार्यकर्ताओं की शिकायतों की नियमित और गंभीरता से सुनवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने अधिकारिय़ों को सख्त निर्देश दिया कि पार्टी कार्यालय हमेशा आम लोगों के लिए खुला रहे। इस दौरान मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह, विधान पार्षद ललन सर्राफ सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नीतीश कुमार के इस दौरे को संगठन को अधिक सक्रिय और कार्यालय की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।