logo

आखिरी कैबिनेट मीटिंग के बाद भावुक हुए नीतीश, मंत्रियों ने कुछ ऐसे दी विदाई

a730.jpg

द फॉलोअप डेस्क:

नीतीश कुमार ने बतौर मुख्यमंत्री आखिरी बार कैबिनेट की मीटिंग की। मीटिंग में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत सभी मंत्री शामिल हुए। इस दौरान काफी भावुक क्षण था। मंत्री लेसी सिंह ने बताया कि इस कैबिनेट मीटिंग का मुख्य एजेंडा सीएम नीतीश का इस्तीफा ही था। मीटिंग में नीतीश कुमार ने मंत्रियों से कहा कि वह पटना और दिल्ली आते-जाते रहेंगे। नीतिगत मसलों पर नई सरकार को अपनी राय देंगे। मंत्री संजय सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार हम सब मंत्रियों और विधायकों के लिए अभिभावक समान हैं। हमें उम्मीद है कि नई सरकार को उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा। जहां तक बात नए मुख्यमंत्री का है तो वह एनडीए विधायक दल की बैठक में तय किया जाएगा। मंत्री लखेंद्र पासवान ने कहा कि नीतीश कुमार ने बतौर मुख्यमंत्री 20 साल तक बिहार पर शासन किया। उन्होंने महिला उत्थान से लेकर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम किया। इस प्रदेश को हिंसा, अपराध और भयमुक्त बनाया। नई सरकार नीतीश मॉडल पर ही काम करेगी।

20 साल बाद नीतीश कुमार की हुई विदाई
कैबिनेट की मीटिंग खत्म के बाद नीतीश कुमार ने मंत्रिपरिषद के सहयोगियों के साथ ग्रुप फोटो खिंचाई। इसके बाद बिहार के वरीय पदाधिकारियों के साथ भी फोटो सेशन हुआ। मुख्य सचिवालय से प्रस्थान करते हुए उन्होंने मंत्रियों विधायकों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान मंत्री अशोक चौधरी समेत कई अन्य नेता काफी भावुक नजर आए। गौरतलब है कि नीतीश कुमार ने बीते 10 अप्रैल को राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ली है। बतौर सीएम 20 साल लंबे कार्यकाल के बाद आखिरकार उनकी विदाई हो गयी।

आज लोकभवन में इस्तीफा देंगे नीतीश कुमार
आज दोपहर सवा 3 बजे नीतीश कुमार लोकभवन जाकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप देंगे। आज ही एनडीए विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री का चुनाव कर लिया जाएगा। तय है कि मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी का होगा। एनडीए विधायक दल की बैठक से पहले बिहार बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी जिसमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान नए नेता का चुनाव करेंगे। संभावना है कि इसमें भी सम्राट चौधरी का नाम हो सकता है। चर्चा है कि सम्राट चौधरी ही बिहार के नए मुख्यमंत्री होंगे। 
 

Tags - Nitish KumarNitish Kumar NewsNitish Kumar ResignationNitish Kumar Resignation UpdateBihar News UpdateBihar Politics