पटना/बिहार
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की कार्यशैली को लेकर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने उनकी जमकर सराहना की है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री कम बोलते हैं और ज्यादा काम करने में विश्वास रखते हैं। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की सराहना करते हुए कहा कि उनका काम और असर दोनों विभाग के कामकाज में साफ दिखाई दे रहा है।
शोर नहीं, काम पर विश्वास रखने वाले माननीय निशांत कुमार जी अपने विजन और कार्यों के माध्यम से हर बिहारवासी तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में तत्परता से कार्य कर रहे हैं।
— Janata Dal (United) (@Jduonline) June 26, 2026
उनके नेतृत्व में राज्य की स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर विस्तार और सुदृढ़ीकरण हो रहा है।… pic.twitter.com/Tm7Tfykdcr
व्यक्ति नहीं, बल्कि उसका काम बोलना चाहिए
संजय झा ने कहा कि निशांत, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कार्यशैली पर चल रहे हैं। उनका मानना है कि व्यक्ति नहीं, बल्कि उसका काम बोलना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को जिला और प्रखंड स्तर तक मजबूत करना है, ताकि लोगों को सामान्य इलाज के लिए पटना का रुख न करना पड़े। उन्होंने बताया कि हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री के साथ हुई बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए राज्यभर में ट्रॉमा सेंटर और ट्रॉमा केयर नेटवर्क को मजबूत करने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उनका दावा है कि आने वाले समय में बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।

राम मंदिर में चोरी को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
इस दौरान पत्रकारों ने जब अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर सवाल पूछे तो इस पर उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा विषय है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई है। टीम अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप चुकी है और अब उसी रिपोर्ट के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।