द फॉलोअप,बिहार
NTA ने नीट का री-एग्जाम 21 जून 2026 को लेने का फैसला लिया है। इससे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने परीक्षार्थियों को राहत देने के लिए बड़ी घोषणा की है। राज्य सरकार द्वारा परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को राज्य की सभी सरकारी बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी।

सीएम सम्राट ने दिया निर्देश
इसकी जानकारी देते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया (X) पर पोस्ट किया है। दरअसल यह फैसला परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इसके लिए तैयारियां शुरु कर दी गई हैं। जिला प्रशासन, राज्य के मठ-मंदिरों और गैर-सरकारी संगठनों से मुख्यमंत्री ने अपील की है कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य प्रमुख स्थानों पर छात्रों एवं उनके अभिभावकों के लिए पेयजल, सत्तू, शरबत और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जाए, ताकि छात्रों और उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। गौरतलब हो कि NEET UG 2026 की परीक्षा 3 मई को NTA द्वारा आयोजित कराई गई थी और 12 मई को कथित पेपर लीक होने के कारण रद्द कर दी गई थी।
NEET परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी परीक्षार्थियों की सुविधा हेतु बिहार राज्य की सभी सरकारी बसों में आवागमन निःशुल्क रहेगा।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) May 23, 2026
साथ ही, जिला प्रशासन, राज्य के सभी मठ-मंदिरों एवं गैर-सरकारी संगठनों से आग्रह है कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन तथा अन्य प्रमुख स्थानों पर परीक्षार्थियों…
मुख्यमंत्री ने छात्रों को दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दी हैं। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम को निर्देश दिया गया है कि परीक्षा के दिन अतिरिक्त बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए ताकि भीड़भाड़ की स्थिति न बने और सभी परीक्षार्थी समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें। दूर-दराज दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री के इस फैसले से बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही उनका आर्थिक बोझ भी कम होगा।