द फॉलोअप डेस्क:
हार्ट (Heart) से जुड़ी परेशानी का इलाज कराने के बाद जेडीयू एमएलसी (JDU MLC) नीरज कुमार (Neeraj Kumar) बुधवार को अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए थे। गुरुवार को जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और एमएलसी संजय गांधी (MLC Sanjay Gandhi) उनसे मिलने उनके सरकारी आवास पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच करीब 20 मिनट तक बंद कमरे में बातचीत हुई। इस मुलाकात को 23 अक्टूबर को होने वाले एमएलसी चुनाव (MLC Election) से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि नेताओं ने नीरज कुमार की तबीयत का हाल जाना। साथ ही मतदान की तैयारियों, पोलिंग मैनेजमेंट और चुनाव से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। इससे पहले उमेश कुशवाहा और संजय गांधी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मुलाकात की थी।

अनंत सिंह के विरोध से बढ़ी नीरज कुमार की चुनौती
एमएलसी चुनाव से पहले नीरज कुमार को अपनी ही पार्टी के विधायक अनंत सिंह के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। अनंत सिंह जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार करते नजर आए हैं। वह नीरज कुमार के खिलाफ बयानबाजी भी कर रहे हैं और उन्हें चुनाव में हराने का दावा कर चुके हैं। ऐसे में चुनावी मुकाबले के बीच जेडीयू प्रत्याशी की स्थिति को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, उमेश कुशवाहा और संजय गांधी के साथ हुई मुलाकात में किन मुद्दों पर सहमति बनी, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान
नीरज कुमार की तबीयत सोमवार रात बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। हार्ट से जुड़ी परेशानी का इलाज कराने के बाद बुधवार को उन्हें छुट्टी मिल गई। अस्पताल से निकलने के बाद उन्होंने अपनी तबीयत ठीक होने की बात कही थी। इधर, बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। चुनाव में कुल 150 उम्मीदवार मैदान में हैं और 5,32,547 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 335 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 598 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान से पहले गुरुवार रात तक सभी केंद्रों पर बैलेट बॉक्स पहुंचाने की तैयारी है।