नवादा /बिहार
बिहार में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए खुशखबर है। 6 जून को नवादा जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर की तरफ से रोजगार कैंप लगाया जाना है। इसके तहत निजी क्षेत्र की संस्था फ्रीडम एम्प्लॉयबिलिटी एकेडमी, नई दिल्ली द्वारा शिक्षक पदों पर भर्ती की जाएगी। सुबह साढ़े 10 बजे से शाम 4 बजे तक नियुक्ति की जाएगी। इसकी जानकारी जिला नियोजन पदाधिकारी सुनील कुमार सुमन ने दी।

पांच पदों पर होगी भर्ती
जानकारी के अनुसार, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार के निर्देश पर यह रोजगार कैंप सरकारी आईटीआई, नवादा परिसर में आयोजित किया जाएगा। रोजगार मेला के तहत शिक्षक के कुल पांच पदों पर नियुक्ति की जानी है। इसके लिए अभ्यर्थियों के पास स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य है। इसके साथ ही उम्मीदवारों को बेसिक अंग्रेजी भी आनी चाहिए। चयनित उम्मीदवार को प्रतिमाह 13 हजार रुपये वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा EPF, ईंधन भत्ता और साथ ही स्थानांतरण के बाद किराया सुविधा जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भी दी जाएंगी। चयनित उम्मीदवारों को बिहार में ही काम करने का मौका मिलेगा।

18 से 45 वर्ष तक के इच्छुक अभ्यर्थी होंगे शामिल
इसमें 18 से 45 वर्ष तक के इच्छुक अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। इस दौरान अभ्यर्थियों को अपने पास शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो और रिज्यूमे के साथ निर्धारित स्थल पर उपस्थित होना होगा। इसके लिए जिला नियोजन पदाधिकारी ने स्पष्ट करते हुए कहा कि केवल राष्ट्रीय कैरियर सेवा यानी NCS पोर्टल पर निबंधित अभ्यर्थी ही कैंप में शामिल हो सकेंगे। उन्होंने आगे कहा कि जिन युवाओं का निबंधन अभी तक नहीं हुआ है, उनको पहले पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा।