द फॉलोअप डेस्क:
बिहार (Bihar) के नवगछिया (Naugachia) में अपराधियों ने एक दंपति की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना इस्माईलपुर थाना (Ismailpur Police Station) क्षेत्र के हटिया (Hatia) की है, जहां गुरुवार की अहले सुबह चाय-नाश्ते की दुकान चलाने वाले रंजन और उनकी पत्नी किरण देवी को निशाना बनाया गया। वारदात के समय दोनों अपनी दुकान में सो रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने रंजन पर गोलियां चला दीं। पति को गोली लगने के बाद किरण देवी जान बचाने के लिए वहां से भागने लगीं, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी पकड़ लिया और गोली मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

बच्ची के लापता होने से बढ़ा ग्रामीणों का आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही इस्माईलपुर और गोपालपुर थाने की पुलिस के साथ एएसपी सैयम रजा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने शवों को उठाने का विरोध करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि रंजन के भाई की ढाई साल की बेटी पल्लवी कुमारी भी पिछले दो दिनों से लापता है। परिजनों ने बच्ची के लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मामले में समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बच्ची के लापता होने और अब दंपति की हत्या से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों ने बच्ची की सकुशल बरामदगी और हत्यारों की गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।

पुलिस की छापेमारी, हत्या के कारणों की जांच
दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है। एएसपी सैयम रजा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि मामले में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ डॉग स्क्वॉड और तकनीकी जांच की मदद ले रही है। जांच टीम हत्या के पीछे की वजह और संभावित रंजिश का पता लगाने में जुटी है। वहीं, ढाई साल की बच्ची के लापता होने का मामला भी गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। पुलिस के सामने अब दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के साथ बच्ची का पता लगाने की भी चुनौती है।