द फॉलोअप,बिहार
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी आवास विवाद के बीच मंत्री नंद किशोर राम ने बड़ा बयान दिया है। मंत्री का कहना है कि मैं दलित समाज से आता हूं, इसलिए मुझे आवंटित बंगला राबड़ी देवी खाली नहीं करना चाहती। प्रदेश में राबड़ी देवी आवास को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। शनिवार को आवास नहीं खाली करने को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भी चुनौती दी थी राबड़ी देवी।

मंत्री— नियम सभी के लिए समान होने चाहिए
मंत्री नंद किशोर राम ने आरजेडी और विपक्ष पर निशाना साधते हुए ऐसी बयान दी है। उनका कहना है कि कानून के सामने सभी समान है। इसलिए नियम सभी के लिए समान होने चाहिए। कल राबड़ी देवी ने सीएम सम्राट को भी चुनौती देते हुए कहा था कि हम बंगला खाली नहीं करेंगे...सम्राट खुद फोर्स भेज कर आवास खाली करवा ले। राबड़ी देवी के इस बयान के कुछ ही घंटों बाद सीएम सम्राट ने 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास को खाली कराने के लिए पुलिस फोर्स भेज दी थी। इस टीम को SDPO अनु कुमारी द्वारा नेतृत्व किया जा रहा था। SDPO ने आवास के अंदर जाकर जायजा भी लिया था।

15 दिनों का अल्टीमेटम
भवन निर्माण विभाग की तरफ से नेता प्रतिपक्ष के रुप में राज्य सरकार की ओर से राबड़ी देवी को 39 हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास आवंटित किया गया है। इसके बावजूद वह अभी भी 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगले में रह रही हैं। विभाग की तरफ से कई बार आवास खाली कराने को लेकर नोटिस भी भेजा गया। बीते शुक्रवार को भी तीसरा नोटिस भेजा गया था, जिसके बाद राबड़ी देवी ने शनिवार को मुख्यमंत्री को चुनौती दी थी। फिलहाल राज्य सरकार द्वारा राबड़ी देवी को नए आवास में शिफ्ट होने के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है। अब देखना यह होगा कि एक तरफ राबड़ी देवी आवास खाली करने से साफ इनकार कर रही है, तो वहीं दूसरी तरफ राज्य सरकार ने 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया है और अब ऐसे में मंत्री नंद किशोर राम का भी बयान आया है।