logo

70वीं BPSC परीक्षा : कुर्था के नलिन शुभम बने DSP, पहले ही प्रयास में हासिल की बड़ी सफलता

nalin1.jpg

कुर्था/बिहार
बिहार लोक सेवा आयोग की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के अंतिम परिणाम शनिवार को प्रकाशित हुआ। BPSC परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुर्था के नलिन शुभम अपने पहले ही प्रयास में 989वां रैंक प्राप्त कर DSP के लिए चयनित हुए हैं। नलिन कुर्था बाजार निवासी नरेश पासवान के पुत्र हैं। नलिन ने बीपीएसी परीक्षा में सफलता पाकर न केवल अपने परिवार का बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, मित्रों और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। 

परिणाम की खबर सुनते ही माता-पिता के आंखों में खुशी के आंसू
परिणाम प्रकाशित होने के बाद जैसे ही पता चला कि परीक्षा में नलिन का चयन हो गया है, घर में खुशी का का ठिकाना नहीं रहा।इसकी खबर सुनते ही नलिन और उनके माता-पिता के आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। उसके बाद परिजनों ने नलिन और परिवार के सभी लोगों को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और नलिन को सभी ने बधाई दी। वहीं आसपास के लोग भी जानकारी पाते ही नलिन के घर पहुंचे और उन्हें फूलों की माला पहनाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस मौके पर पूरे इलाके के लोगों ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया। 

नलिन बचपन से ही प्रतिभावान 
साधारण परिवार में जन्में नलिन के पिता झारखंड के गिरिडीह जिले में ग्रामीण कार्य विभाग के प्रमंडलीय लेखा पदाधिकारी के पद पर तैनात हैं। नलिन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और परिजनों को दिया। नलिन ने कहा कि उनकी बेहतर लालन-पालन और बेहतर शिक्षा की ओर अग्रसर करने का ही यह परिणाम है कि आज मैं डीएसपी बन पाया हूं। वहीं बेटे की सफलता पर उनके माता-पिता और उनके चाचा उमेश पासवान ने बताया कि नलिन बचपन से ही प्रतिभावान था। उन्होंने बताया कि जब नलिन पढ़ने बैठता था तो इस दौरान उसे खाने-पाने का भी ध्यान नहीं रहता था। उन्होंने कहा कि नलिन ने अपनी अथक प्रयास से DSP बनकर यह साबित कर दिया कि मेहनत कभी बेकार नहीं जाती है।

Tags - Nalin Shubham DSP Kurtha Nalin Shubham BPSC 70th Result