द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
मुजफ्फरपुर के मुशहरी थाना क्षेत्र में प्रेमिका से शादी की मांग को लेकर करीब 12 घंटे तक मोबाइल टावर पर चढ़कर हाई-वोल्टेज ड्रामा करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मुशहरी के रजवाड़ा भगवान निवासी रिकी कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, युवक प्रेमिका से शादी कराने की जिद पर टावर पर चढ़ा था और मांग पूरी नहीं होने पर जान देने की धमकी दे रहा था।
.jpeg)
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक को नीचे उतारा
घटना सोमवार सुबह करीब 8:15 बजे की है। रिकी मुशहरी स्थित हनुमान मंदिर के पास लगे एक ऊंचे मोबाइल टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर चढ़ गया था। सूचना मिलने के बाद मुशहरी थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ, सीओ और बीडीओ की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने काफी देर तक उसे समझाने की कोशिश की। उसकी सुरक्षा को देखते हुए एसडीआरएफ ने टावर के नीचे जाल भी बिछाया था। करीब 12 घंटे की मशक्कत के बाद शाम करीब 7:50 बजे युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया और पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

इन धाराओं के तहत युवक पर हो रही है कार्रवाई
मामले में मुशहरी थाना पुलिस ने रिकी कुमार के खिलाफ कांड संख्या 340/26 दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, उस पर बिना अनुमति मोबाइल टावर पर चढ़ने, आत्महत्या की धमकी देकर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और दूरसंचार अवसंरचना को नुकसान पहुंचाने जैसी धाराओं में कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
यह भी पढें: भारत में फिर बढ़ा रूबेला का खतरा, साथ में कई बीमारियों ने बढ़ाई चिंता