मुजफ्फरपुर/बिहार
मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना में एक युवती अपने माता-पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने पहुंची और पुलिस से मदद की गुहार लगाई। पूछताछ में उसने बताया कि उसकी ग्रेजुएशन की पढ़ाई चल रही है। वह आगे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहती है। उसने माता-पिता पर आरोप लगाया कि वे उसकी बात नहीं मान रहे हैं। उसे पढ़ाने के बजाये जबरदस्ती उस पर शादी का दबाव बना रहैं हैं।

परेशान होकर पहुंची थाना
पीड़िता ने बताया कि वह कुमारी वैष्णवी शहर के एक महिला कॉलेज में ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही हैं। उसके बाद वह उच्च शिक्षा के लिए पटना जाना चाहती है। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर आत्मनिर्भर बनना चाहती है। उसने बताया कि उसके पिता एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और मां गृहिणी हैं। युवती का आरोप है कि उसके माता-पिता अब आगे की पढ़ाई के लिए बाहर भेजने और खर्च उठाने को तैयार नहीं है। परेशान होकर वह पुलिस थाना पहुंची है।

काउंसलिंग के माध्यम से समाधान निकालने की कोशिश
छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया है। पुलिस का कहना है कि चूंकि छात्रा बालिग है, इसलिए उसे अपनी शिक्षा और भविष्य से जुड़े निर्णय लेने का अधिकार है। ऐसे में उसके माता-पिता को थाने बुलाकर बातचीत और काउंसलिंग के माध्यम से समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी, ताकि छात्रा की पढ़ाई और भविष्य प्रभावित न हो।